बस्तर के जंगल में फिर दिखा बाघ, ग्रामीणों में दहशत

बस्तर के जंगल में फिर दिखा बाघ, ग्रामीणों में दहशत

बस्तर के जंगलों में एक बार फिर बाघ की मौजूदगी की सूचना से आसपास के ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। भानपुरी वन परिक्षेत्र के मावलीगुड़ा के खुटीगुड़ा पारा में बाघ के विचरण की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और इलाके का निरीक्षण किया। वन विभाग की टीम ने संभावित विचरण क्षेत्र में मिले पदचिह्नों की जांच भी की है। इसके बाद आसपास के गांवों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

बस्तर के भानपुरी वन क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी के बाद ग्रामीणों को जारी किया गया अलर्ट

ग्रामीणों को किया गया सतर्क

बाघ की मौजूदगी की सूचना के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। कोटवार के माध्यम से गांव में मुनादी कराकर लोगों को अलर्ट किया गया। ग्रामीणों से अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने और विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। साथ ही मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है।

वन विभाग की टीम रख रही नजर

वन विभाग की टीम संभावित बाघ विचरण क्षेत्र पर लगातार नजर बनाए हुए है। इलाके में बाघ की गतिविधियों की पुष्टि और उसकी मौजूदगी वाले क्षेत्र का पता लगाने के लिए निगरानी की जा रही है। फिलहाल राहत की बात यह है कि बाघ की मौजूदगी की सूचना के बावजूद किसी व्यक्ति के घायल होने या जनहानि की खबर नहीं है। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल विभाग को देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *