CRPF की बड़ी कार्रवाई, जंगल से 14 नक्सली डंप बरामद

CRPF की बड़ी कार्रवाई, जंगल से 14 नक्सली डंप बरामद

बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान CRPF की 199वीं वाहिनी को बड़ी सफलता मिली है। खुफिया सूचना के आधार पर जवानों ने पीडिया और कुप्पागुड़ा क्षेत्र के एड्री, हर्रा, नयापारा और सरपंचपारा के घने जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान सुरक्षाबलों ने 14 नक्सली डंप बरामद किए हैं। यह कार्रवाई कमांडेंट आनंद कुमार के मार्गदर्शन और उप कमांडेंट दर्शन यादव की निगरानी में बी/199, एफ/199 कंपनी और यंग प्लाटुन के जवानों ने संयुक्त रूप से की।

10 IED और 7 रायफल बरामद

सर्च ऑपरेशन के दौरान जंगल में छिपाकर रखी गई हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई। इसमें 7 रायफल, 10 IED और 8 डेटोनेटर शामिल हैं।

बरामद रायफलों में:

  • 1 नग 303 बोल्ट एक्शन रायफल
  • 5 भरमार रायफल
  • 1 देशी 12 बोर रायफल

इसके अलावा कोडेक्स वायर, वायरलेस सेट, प्लास्टिक और स्टील कंटेनर सहित IED बनाने में इस्तेमाल होने वाली विभिन्न इलेक्ट्रिक सामग्री और नक्सली कपड़े भी मिले हैं। सुरक्षाबलों के मुताबिक कुल 99 प्रकार की सामग्री जब्त की गई है।

घेराबंदी कर चरणबद्ध तरीके से चला सर्च ऑपरेशन

CRPF जवानों ने पूरे इलाके की घेराबंदी करने के बाद बेहद सतर्कता के साथ चरणबद्ध तरीके से तलाशी अभियान चलाया। ऑपरेशन के दौरान किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई। CRPF अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में लगातार चल रहे आसूचना आधारित अभियानों से नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिल रही है। साथ ही ग्रामीणों के बीच सुरक्षा की भावना भी मजबूत हो रही है। 199वीं वाहिनी ने क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास का माहौल मजबूत करने के लिए आगे भी आसूचना आधारित नक्सल विरोधी अभियान जारी रखने की बात कही है।

बस्तर में लगातार मिल रहे नक्सली डंप

बीते दिनों बस्तर संभाग के अलग-अलग जिलों में सुरक्षाबलों को नक्सलियों द्वारा जंगलों में छिपाकर रखे गए हथियार और विस्फोटक बरामद हुए हैं।

  • 6 सितंबर, सुकमा: चिंतलनार के चिन्नाबोड़केल इलाके में नक्सली डंप से भरमार बंदूक, वायरलेस सेट और विस्फोटक सामग्री मिली।
  • 6 सितंबर, कोंडागांव: मर्दापाल थाना क्षेत्र में 9 एमएम पिस्टल, 160 जिलेटिन स्टिक, डेटोनेटर, वायरलेस सेट और अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद हुई।
  • 29 अगस्त, बीजापुर: नक्सल डंप के साथ एक माओवादी गिरफ्तार किया गया और विस्फोटकों का जखीरा बरामद हुआ।
  • 25 अगस्त, कांकेर: कन्हारगांव के जंगल से भारी नक्सल डंप मिला, जिसमें 40 डेटोनेटर और बारूद से भरे दो स्टील टिफिन बम बरामद किए गए।
  • 25 अगस्त, कांकेर: मारखेड़ी जंगल से 4 भरमार बंदूक, 3 बैरल, वायरलेस सेट, बिजली के तार, GPS, सोलर प्लेट और चार्जर समेत सामग्री मिली।
  • 24 अगस्त, सुकमा: मुनुरकोंडा जंगल से ऑटोमैटिक हथियार, देसी हथियार, जिंदा कारतूस, BGL सेल, जिलेटिन स्टिक और गन पाउडर बरामद किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *