बिलासपुर। प्रतिबंधित कफ सिरप के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सरकंडा पुलिस ने बड़ी खेप पकड़ी है। बिरकोना रोड पर पुलिस ने एक संदिग्ध कार को रोककर उसकी डिक्की से 520 नग ऑनरेक्स कफ सिरप बरामद किया। जब्त सिरप की कीमत करीब 1.04 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 7 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप कार के जरिए ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर बिरकोना रोड स्थित गैस गोदाम के पास घेराबंदी की गई।
इसी दौरान संदिग्ध काली कार क्रमांक CG 04 QD 9753 वहां पहुंची। पुलिस ने कार को रोककर तलाशी ली तो डिक्की से 520 नग ऑनरेक्स कफ सिरप बरामद हुआ। जब्त सिरप का कुल वजन करीब 85.02 किलोग्राम बताया गया है।
मामले में पुलिस ने मिथुन बघेल (28), ग्राम भुंडा और अमन कुमार चौबे (26), गनियारी बाजारपारा को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कफ सिरप के अलावा कार और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस अब उन दो अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है, जिन पर गिरफ्तार आरोपियों को कफ सिरप उपलब्ध कराने का आरोप है। मामले में आगे की जांच जारी है।
