छत्तीसगढ़ के बिलासपुर और कोरबा जिले में मंगलवार सुबह अलग-अलग जगहों पर दो लोगों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। बिलासपुर के पेंडारी स्थित मुरूम खदान के तालाब में एक अज्ञात महिला का शव मिला, जबकि कोरबा के नवकोनिया तालाब में एक अज्ञात व्यक्ति की लाश तैरती हुई दिखाई दी। सूचना मिलते ही दोनों जगह पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बिलासपुर के मुरूम खदान तालाब में मिली महिला की लाश
सकरी थाना क्षेत्र के पेंडारी स्थित मुरूम खदान के तालाब में ग्रामीणों ने एक अज्ञात महिला का शव पानी में तैरता देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही सकरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। महिला की पहचान और मौत की वजह का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है।

कोरबा के नवकोनिया तालाब में मिला शव
इधर, कोरबा के पाली थाना क्षेत्र में मुख्य मार्ग के पास स्थित नवकोनिया तालाब में मंगलवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव तैरता मिला। राहगीरों की नजर शव पर पड़ने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाकर जांच शुरू की।
दो-तीन दिन पहले मौत की आशंका
पुलिस के मुताबिक, शव से दुर्गंध आने के कारण प्रारंभिक तौर पर आशंका है कि व्यक्ति की मौत करीब दो से तीन दिन पहले हुई होगी। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। घटनास्थल के पास एक मोटरसाइकिल भी लावारिस हालत में मिली है। पुलिस को आशंका है कि यह बाइक मृतक की हो सकती है। पुलिस बाइक और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

मृतक की पहचान के लिए गांवों में दी जा रही सूचना
पाली पुलिस ने मामला दर्ज कर मृतक की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पहचान के लिए आसपास के गांवों के WhatsApp ग्रुप में सूचना प्रसारित की जा रही है। इसके अलावा मुनादी कराई जा रही है और जिले के अलग-अलग थाना व चौकियों को भी शव के संबंध में सूचना दी गई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आएगी मौत की वजह
पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान होने के बाद मामले से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं। फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस शवों की पहचान, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
