बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। बिलासपुर में तेज बारिश के बीच नाले में बह जाने से एक 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि रेलवे स्टेशन और यार्ड में जलभराव के कारण कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। दूसरी ओर रायगढ़ जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की जान चली गई।
नाले के किनारे मिला महिला का शव
सरकंडा थाना क्षेत्र के लिंगियाडीह स्थित अटल आवास निवासी प्रमिला बाई (65) का शव शुक्रवार सुबह शीला पार्क टावर के पास नाले के किनारे झाड़ियों में मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात हुई तेज बारिश के दौरान वह बसंत विहार से एफसीआई गोदाम की ओर जाने वाले नाले में बह गई थीं।
हालांकि, पुलिस अभी यह स्पष्ट नहीं कर सकी है कि महिला नाले में कैसे गिरी या बह गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
रेलवे स्टेशन और यार्ड में जलभराव, 7 मेमू ट्रेनें रद्द
लगातार बारिश के चलते दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में रेलवे ट्रैक और यार्ड पानी में डूब गए। ट्रैक पर जलभराव होने के कारण रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर 7 मेमू और पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया।
रद्द की गई प्रमुख ट्रेनें
- 68734 बिलासपुर-कोरबा मेमू
- 68733 कोरबा-बिलासपुर मेमू
- बिलासपुर-रायपुर मेमू
- रायपुर-बिलासपुर मेमू
- 68745 बिलासपुर-रायपुर मेमू
- 68737 रायगढ़-बिलासपुर मेमू
- 58214 बिलासपुर-टिटलागढ़ पैसेंजर
इसके अलावा कई मेमू ट्रेनों को बीच रास्ते में ही समाप्त कर वापस रवाना किया गया। कुछ ट्रेनों का संचालन चांपा और दाधापारा जैसे स्टेशनों से किया गया।
एक्सप्रेस ट्रेनें चलीं, लेकिन आउटर में करना पड़ा इंतजार
जलभराव के बावजूद रेलवे ने किसी एक्सप्रेस ट्रेन को रद्द नहीं किया। हालांकि, हावड़ा-मुंबई मेल, आजाद हिंद एक्सप्रेस और नागपुर-बिलासपुर इंटरसिटी समेत कई ट्रेनों को स्टेशन में प्रवेश से पहले आउटर पर काफी देर तक रोकना पड़ा। इसके बाद सावधानीपूर्वक ट्रेनों का परिचालन कराया गया।
रायगढ़ में आकाशीय बिजली गिरने से महिला की मौत
रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में गुरुवार सुबह जंगल में पुटू (मशरूम) लेने गई प्रभा एक्का (55) की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई।
बताया गया कि बारिश और तेज गर्जना के दौरान महिला गंभीर रूप से झुलस गई। परिजन उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
