- स्पिनरों ने शानदार गेंदबाजी से मैच में वापसी
मुंबई। चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मैच में शनिवार को यहां मुंबई इंडियंस पर सात विकेट की प्रभावशाली जीत दर्ज करने के बाद कहा कि स्पिनरों ने अच्छी गेंदबाजी की।
महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली चेन्नई सुपर किंग्स ने शनिवार रात मुंबई इंडियंस पर 7 विकेट से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट का दूसरा मैच जीता। इस जीत के बाद धोनी ने अपने टीम के खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएसके के सामने जीत के लिए 158 रनों का लक्ष्य रखा था, इस स्कोर को अजिंक्य रहाणे ने अपनी तूफानी पारी के दम पर आसान बना दिया था। रहाणे ने 27 गेंदों पर 7 चौकों और 3 गगनचुंबी छक्कों की मदद से 61 रनों की पारी खेली थी।
धोनी ने मैच के बाद पुरस्कार समारोह में कहा, ‘‘अच्छा लग रहा है। यह नहीं भूलना चाहिए कि हमने पहले ही ओवर में दीपक (चाहर) को गंवा ( चोटिल होकर मैच से बाहर हो गये थे) दिया था। (सिसंडा) मगाला अपना पहला मैच खेल रहा था। अच्छी बात यह है कि स्पिनरों ने अच्छी गेंदबाजी की। सातवें ओवर के बाद गेंद थोड़ी रुक कर आने के साथ टर्न हो रही थी। स्पिनरों और तेज गेंदबाजों ने अच्छी वापसी की। मगाला और (ड्वेन) प्रिटोरियस भी शानदार रहे।’’

