महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार सुबह रायपुर-नागपुर नेशनल हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, रायपुर से नागपुर जा रही एक SUV की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन बच्चों समेत 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, SUV में सवार लोग छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से नागपुर जा रहे थे। सुबह करीब 4 बजे लाखनी तहसील के मानेगांव और पिंपलगांव के बीच उनकी गाड़ी की ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि SUV ट्रक में फंस गई और उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
दो JCB की मदद से निकाले गए लोग
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। ट्रक में फंसी SUV को बाहर निकालने के लिए दो JCB मशीनों की मदद ली गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
8 लोगों की मौत, 3 घायल
इस भीषण हादसे में 3 बच्चों समेत कुल 8 लोगों की मौत हुई है। वहीं, 3 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को तत्काल इलाज के लिए सकोली सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया में जुटी है। साथ ही उनके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार SUV और ट्रक के बीच टक्कर हाईवे पर मानेगांव और पिंपलगांव के बीच हुई। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल पुलिस मृतकों के परिजनों से संपर्क करने और घायलों की स्थिति की जानकारी जुटाने में लगी है।
