रायपुर। छत्तीसगढ़ के कॉमर्स स्ट्रीम के छात्र-छात्रों के लिए के खुशखबरी है। अब नवा रायपुर में ‘वर्ल्ड क्लास सेंटर ऑफ एक्सीलेंस‘ की स्थापना की जाएगी। इसके लिए आज रविवार को सीएम भूपेश बघेल ने ‘द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया‘ (ICAI) को 5 एकड़ जमीन देने का ऐलान किया है। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना आईसीएआई द्वारा की जाएगी। मुख्यमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आईसीएआई के दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन ‘‘उत्कर्ष‘‘ के दूसरे दिन अधिवेशन को सम्बोधित करते हुए यह घोषणा की।
सीएम बघेल ने कहा कि किसी भी राज्य और देश की आर्थिक प्रगति में चार्टर्ड एकाउंटेट्न्स का महत्वपूर्ण योगदान होता है। चार्टर्ड अकाउंटेंट व्यापार, व्यवसाय और उद्योग के आईने की तरह होते हैं। उनकी वास्तविक आर्थिक स्थिति को दिखाने का काम करते हैं। अधिवेशन के दौरान ICAI के प्रतिनिधियों ने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना के लिए जमीन की मांग की थी, जिस पर सीएम ने हामी भरी है। उन्होंने कहा कि तेजी से आगे बढ़ते छत्तीसगढ़ राज्य में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के लिए अच्छी संभावनाएं हैं। राज्य सरकार की नीतियों से छत्तीसगढ़ में पिछले पौने पांच सालों में कृषि, उद्योग, व्यापार के क्षेत्र में अच्छी उन्नति हुई है। राज्य सरकार की नई उद्योग नीति से नए-नए उद्योग धंधे शुरू हुए हैं।

