तीन दिन से लापता 53 वर्षीय शख्स की खारुन नदी में मिली लाश

तीन दिन से लापता 53 वर्षीय शख्स की खारुन नदी में मिली लाश

राजधानी रायपुर में तीन दिनों से लापता एक व्यक्ति का शव खारुन नदी में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। यह मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान चंगोराभाठा निवासी उमेंद्र देवांगन (53) के रूप में हुई है।

18 अगस्त को घर से निकले थे उमेंद्र

जानकारी के अनुसार, उमेंद्र देवांगन 18 अगस्त को बिना किसी को बताए घर से निकल गए थे। काफी समय तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। जब उनका कोई पता नहीं चला तो परिवार ने डीडी नगर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस भी उनकी तलाश में जुटी हुई थी।

रायपुर की खारुन नदी में लापता व्यक्ति का शव मिलने के बाद जांच करती पुलिस

खारुन नदी में तैरता मिला शव

इसी बीच आज खारुन नदी में एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराई, जिसके बाद मृतक की पहचान उमेंद्र देवांगन के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मौत की वजह जानने में जुटी पुलिस

फिलहाल उमेंद्र देवांगन की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत की वजह का पता लगाने में जुटी है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *