छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के नगरी विकासखंड के तुमड़ीबहार क्षेत्र में गुरुवार सुबह चार भालुओं ने दो ग्रामीणों पर हमला कर दिया। घटना अर्जुनी जंगल के पास हुई, जहां अचानक भालुओं से सामना होने के बाद दोनों ग्रामीण घायल हो गए। हमले के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।
घायलों की पहचान दिनेश नेगी पिता आत्माराम नेगी और मदन नेताम/पुना राम नेताम के रूप में हुई है। ग्रामीणों की मदद से दोनों को वाहन से नगरी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
सुबह करीब 7 बजे भालुओं से हुआ सामना
जानकारी के अनुसार, ग्राम तुमड़ीबहार निवासी दोनों ग्रामीण गुरुवार सुबह करीब 7 बजे अर्जुनी जंगल के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका सामना चार भालुओं से हो गया।
ग्रामीण कुछ समझ पाते, इससे पहले ही भालुओं ने उन पर हमला कर दिया। बताया गया है कि यह क्षेत्र उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व के जंगल क्षेत्र से जुड़ा हुआ है।
तीन भालुओं ने दिनेश पर किया हमला
स्थानीय जानकारी के मुताबिक, तीन भालुओं ने दिनेश नेगी पर हमला किया। इस दौरान उनके सिर के पास चोटें आईं। वहीं एक भालू ने मदन नेताम के हाथ के पास नाखून मार दिया, जिससे उनके हाथ में चोट लगी।
अचानक हुए हमले से दोनों ग्रामीण घबरा गए। किसी तरह भालुओं से दूरी बनाकर वे जंगल क्षेत्र से बाहर निकलने में सफल रहे।
ग्रामीणों ने वन विभाग को दी सूचना
घटना की जानकारी मिलने के बाद सामाजिक कार्यकर्ता डीके यादव, भानु राम नेताम और टिकेश नेताम ने वन विभाग से संपर्क कर मामले की सूचना दी।
इसके बाद ग्रामीणों की सहायता से दोनों घायलों को नगरी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों की ओर से उनका उपचार किया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की ओर से भी मामले की जानकारी ली जा रही है।
चार भालुओं की मौजूदगी से बढ़ी चिंता
अर्जुनी जंगल के आसपास ग्रामीणों का लगातार आना-जाना रहता है। वन क्षेत्र पर निर्भर ग्रामीण कई जरूरी कामों के लिए जंगल में जाते हैं। ऐसे में एक साथ चार भालुओं की मौजूदगी और दो लोगों पर हमला होने से आसपास के गांवों में चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से अर्जुनी जंगल और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ाने, भालुओं की गतिविधियों पर नजर रखने और लोगों को जंगल क्षेत्र में सावधानी बरतने के लिए जागरूक करने की मांग की है।
वन क्षेत्र से लगे गांवों में सतर्कता
ग्रामीणों का कहना है कि वन क्षेत्र से लगे गांवों में समय-समय पर वन्यजीवों की मौजूदगी सामने आती रहती है। ऐसे में संवेदनशील इलाकों में निगरानी और ग्रामीणों के लिए सुरक्षा संबंधी जागरूकता जरूरी है।
फिलहाल दोनों घायल ग्रामीणों का नगरी अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के बाद तुमड़ीबहार और आसपास के गांवों में भालुओं की गतिविधियों को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।

One thought on “धमतरी में 4 भालुओं का हमला, जंगल से गुजर रहे दो ग्रामीण घायल”