धमतरी जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से कथित तौर पर पैसे वसूलने का मामला सामने आया है। कुरूद विकासखंड के ग्राम पंचायत कोलियारी के ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मामले की शिकायत की और निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माणाधीन पीएम आवासों के नाम पर कुछ लोगों ने हितग्राहियों से अलग-अलग रकम ली। शिकायत में पंचायत के पंच चिंता राम पर कई हितग्राहियों से कथित तौर पर 15-15 हजार रुपये नकद लेने का आरोप लगाया गया है। वहीं, आवास मित्र चुनेंद्र साहू पर एक हितग्राही से 6 हजार रुपये लेने का आरोप लगाया गया है।
ग्राम सभा में भी उठा था मामला
ग्रामीणों के मुताबिक, कथित वसूली का मामला पहले ग्राम सभा और बस्ती पंचायत की बैठक में भी रखा गया था। शिकायत में दावा किया गया है कि बैठक के दौरान संबंधित लोगों द्वारा राशि लिए जाने की बात स्वीकार की गई थी। हितग्राहियों ने कथित लेन-देन से जुड़ी जानकारी लिखित रूप में भी दिए जाने की बात कही है। ग्रामीणों ने कलेक्टर से पूरे मामले की जांच कर यह पता लगाने की मांग की है कि किन लोगों से कितनी राशि ली गई और इसके पीछे किसकी भूमिका थी।
कलेक्टर ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
शिकायत मिलने के बाद कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर के अनुसार, जांच में यदि कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल ग्रामीणों की शिकायत के बाद मामला जांच के दायरे में है। जांच पूरी होने के बाद ही कथित वसूली के आरोपों की वास्तविक स्थिति और जिम्मेदारी स्पष्ट हो सकेगी।
