धमतरी। जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में सिटी कोतवाली पुलिस ने एकलव्य स्टेडियम के पास चिट्टा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से 3.08 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एकलव्य स्टेडियम के पास एक संदिग्ध युवक मादक पदार्थ लेकर ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना के आधार पर एसआई संदीप अनंत के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 3.08 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
चिट्टा और मोबाइल समेत 71,600 रुपये का सामान जब्त
पुलिस के अनुसार, बरामद चिट्टे की अनुमानित कीमत करीब 61,600 रुपये है। इसके अलावा आरोपी के पास से करीब 10 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने चिट्टा और मोबाइल समेत कुल 71,600 रुपये का मशरूका बरामद होने की जानकारी दी है।
33 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 33 वर्षीय विवेक नरसिंग दानी, निवासी सुंदरगंज वार्ड, धमतरी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
चिट्टा कहां से आया, नेटवर्क की भी जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास नशीला पदार्थ कहां से पहुंचा था और इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका है या नहीं। पुलिस चिट्टा सप्लाई करने वाले संभावित लोगों और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
