डोंगरगढ़ के मोहारा क्षेत्र में अवैध अंग्रेजी शराब के डंप के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। साइबर सेल और मोहारा पुलिस की संयुक्त टीम ने खेत में बने बोरघर में छापा मारकर भारी मात्रा में शराब और पैकिंग सामग्री बरामद की है।
पुलिस ने मौके से 497 पौवा यानी 89.46 बल्क लीटर शराब जब्त की। बरामद शराब में उत्तराखंड निर्मित रॉयल गोवा के 429 पौवा और छत्तीसगढ़ निर्मित जम्मू स्पेशल के 68 पौवा शामिल हैं।
शराब के साथ पैकिंग सामग्री का जखीरा
कार्रवाई के दौरान पुलिस को बोरघर से शराब के अलावा बड़ी मात्रा में पैकिंग सामग्री भी मिली। बरामद सामान में:
- 2,820 स्टीकर
- 2,541 लेबल पर्चियां
- 303 खाली प्लास्टिक शीशियां
- 598 ढक्कन
शामिल हैं।
इतनी बड़ी मात्रा में स्टीकर, लेबल, खाली शीशियां और ढक्कन मिलने के बाद पुलिस ने मामले को सिर्फ शराब जब्ती तक सीमित नहीं रखा है। अब जांच का फोकस अवैध शराब के पीछे सक्रिय सप्लाई नेटवर्क पर है।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में दउवा वर्मा और नंदकिशोर वर्मा उर्फ छोटे कट्टी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान महेन्द्र वर्मा उर्फ बड़े कट्टी की भूमिका भी सामने आई है। उसकी तलाश की जा रही है।
कहां से आई शराब, किसे होनी थी सप्लाई
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद शराब कहां से लाई गई थी और इतनी बड़ी मात्रा में पैकिंग सामग्री किस उद्देश्य से रखी गई थी।
जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि स्टीकर और लेबल किसने उपलब्ध कराए थे, खाली शीशियों का इस्तेमाल किस लिए किया जाना था और बरामद शराब को कहां खपाने की तैयारी थी।
पुराने मामलों से भी जुड़ रही जांच
मोहारा क्षेत्र में पहले भी अवैध शराब डंपिंग से जुड़े मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे में ताजा कार्रवाई के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने और शराब सप्लाई की पूरी कड़ी का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
