नगर निगम परिसर के इनोवा में लगी आग,कर्मचारियों में मची अफरा-तफरी

नगर निगम परिसर के इनोवा में लगी आग,कर्मचारियों में मची अफरा-तफरी

दुर्ग नगर निगम परिसर में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब महापौर अलका बाघमार की इनोवा कार में अचानक आग लग गई। घटना के वक्त वाहन महापौर कक्ष के सामने खड़ा था और महापौर अपने चेंबर में मौजूद थीं। आग लगने की घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है।

बोनेट से उठने लगीं आग की लपटें

जानकारी के मुताबिक, निगम परिसर में खड़ी इनोवा के बोनेट से अचानक आग की लपटें उठती दिखाई दीं। वाहन में आग देखकर निगम कर्मचारियों और वहां काम के सिलसिले में पहुंचे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आग के बढ़ने की आशंका को देखते हुए वाहन के आसपास खड़ी दूसरी गाड़ियों को तत्काल वहां से हटाया गया। इससे आग के अन्य वाहनों तक फैलने का खतरा कम हुआ।

करीब एक घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड

घटना की जानकारी तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई। करीब 12 बजे दमकल वाहन नगर निगम परिसर पहुंचा और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की गई। प्रारंभिक तौर पर वाहन में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

किराए पर लिया गया है इनोवा वाहन

बताया गया है कि जिस इनोवा वाहन में आग लगी, उसे दुर्ग नगर निगम ने किराए पर लिया है। घटना के समय वाहन निगम परिसर में महापौर कक्ष के सामने खड़ा था। समय रहते आसपास खड़े दूसरे वाहनों को हटाए जाने से बड़ा नुकसान होने की आशंका टल गई। घटना के बाद निगम परिसर में कुछ समय तक हलचल का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *