रायपुर समेत बिलासपुर, दुर्ग व डोंगरगढ़ से लोकल ट्रेनों का परिचालन शुरू किया गया है। रविवार को रायपुर-बिलासपुर मेमू और रायपुर-दुर्ग मेमू शुरू हुई। 15 फरवरी को दुर्ग-रायपुर के बीच एक अन्य मेमू पैसेंजर चलेगी। इससे पहले शनिवार को चार लोकल ट्रेनें शुरू की गई थी। इससे पहले शुक्रवार को पांच लोकल चलाई गई थी। कुल 12 ट्रेनें चलाने का शिड्यूल रेलवे प्रशासन ने जारी किया है। यह सभी ट्रेनें शुरू होने के बाद रोजाना चलेंगी। ट्रेनों में अब धीरे-धीरे भीड़ बढ़ रही है।
लोकल में सफर करने वाले यात्रियों से मेल-एक्सप्रेस का किराया वसूला जा रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए लोकल ट्रेनों के टिकट बुकिंग के लिए स्टेशन में यूटीएस काउंटर खोल दिए गए हैं। मुख्य गेट के पास तीन और गुढ़ियारी इंट्री में एक जनरल काउंटर से टिकटें दी जा रही हैं। रेलवे अफसरों के मुताबिक यात्रियों की संख्या बढ़ने पर काउंटर की संख्या बढ़ायी जाएगी, ताकि यात्रियों को अधिक समय तक कतार में खड़ा न होना पड़े। अभी लोकल ट्रेनों के लिए एटीवीएम अर्थात स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन की शुरुआत नहीं हुई है। यात्रियों की भीड़ बढ़ने पर ऑनलाइन टिकट बुक करने की सुविधा भी दी जाएगी।

