बिलासपुर-रतनपुर मार्ग पर चलती बस में यात्रियों की भीड़ का फायदा उठाकर सोने की चेन झपटने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। रतनपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7 महिलाओं और 2 पुरुषों समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बस में एक महिला के गले से सोने की चेन झपटने और उसे गिरोह की एक अन्य महिला को 20 हजार रुपये में बेचने की बात स्वीकार की है।
भीड़ का फायदा उठाकर महिला की चेन झपटी
पुलिस के मुताबिक, बांकीमोंगरा निवासी भगवान राम प्रधान अपनी पत्नी गीता प्रधान के साथ 2 अगस्त को बिलासपुर गए थे। काम पूरा करने के बाद दोनों बस से वापस बांकीमोंगरा लौट रहे थे। नेहरू चौक बिलासपुर से बस में सवार होने के बाद महामाया चौक के पास कुछ महिलाएं भी बस में चढ़ीं। बस में भीड़ होने के कारण भगवान राम और उनकी पत्नी को सीट नहीं मिली और दोनों खड़े होकर यात्रा कर रहे थे। शनिचरी चौक रतनपुर के पास महिलाओं ने गीता के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं ने उसे घेर लिया और उसके गले से सोने की चेन निकाल ली। कुछ देर बाद आरोपी महिलाएं बस से उतर गईं। बस के रतनपुर पहुंचने और खाली होने के बाद गीता ने अपने गले को देखा तो चेन गायब थी। इसके बाद 11 अगस्त को रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शनिचरी चौक रतनपुर और महामाया चौक बिलासपुर के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की पहचान बांगो थाना क्षेत्र के कोनकोना और ठिहईभाठा इलाके के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने कारेबा में दबिश देकर 7 महिलाओं और 2 पुरुषों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने एक साथ मिलकर बस में महिला से धक्का-मुक्की करने और उसकी सोने की चेन झपटने की बात स्वीकार की।
20 हजार रुपये में बेची गई थी चेन
पुलिस के अनुसार, झपटी गई सोने की चेन को गिरोह की एक अन्य महिला सुरतनी गिरी, निवासी रामनगर, थाना कुसमी को 20 हजार रुपये में बेचा गया था। आरोपियों ने चेन बेचने से मिली रकम में से 12 हजार रुपये खर्च कर दिए थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से बचे 8 हजार रुपये जब्त किए हैं। चेन खरीदने वाली सुरतनी गिरी फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पहले भी झपटमारी के मामलों में जेल जा चुके हैं आरोपी
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए गिरोह के कुछ सदस्य पहले भी उठाईगिरी और झपटमारी की घटनाओं में जेल जा चुके हैं। मामले में संगठित तरीके से अपराध करने को लेकर संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। सभी 9 आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ-साथ गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जानकारी जुटा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की सूची
पुलिस ने अंजली गिरी (25), लोहारिन बाई (50), सुनीता गिरी (30), रामबाई (40), प्रीति गिरी (30), शिवानी गिरी (20), देवी गिरी (20), नरेश गिरी (35) और राम गिरी (20) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी कोनकोना, ठिहईभाठा, थाना बांगो, जिला कोरबा के निवासी बताए गए हैं।
