छत्तीसगढ़ का गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिला इस बार राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। 18 अगस्त से 21 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाली 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों से आए करीब 540 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।चार दिवसीय इस प्रतियोगिता को सफल और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर विजय दयाराम के. ने कलेक्ट्रेट स्थित अरपा सभा कक्ष में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की।
खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाओं पर जोर
बैठक में कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय-सीमा में सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्यभर से आने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।प्रतियोगिता के दौरान खेल मैदानों की व्यवस्था, खिलाड़ियों के ठहरने की सुविधा, भोजन, परिवहन, स्वास्थ्य जांच और चिकित्सा सेवाओं सहित अन्य महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
यह भी पढ़े:-छत्तीसगढ़ की दो बेटियां भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में
इन खेलों में खिलाड़ी दिखाएंगे प्रतिभा
26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में विभिन्न खेलों की स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें शामिल हैं:
- जिम्नास्टिक (बालक एवं बालिका वर्ग)
- क्रिकेट (बालक वर्ग)
- ताईक्वांडो (बालक एवं बालिका वर्ग)
- कबड्डी (बालिका वर्ग)
प्रतियोगिता में 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
सुरक्षा और आयोजन व्यवस्था की भी समीक्षा
कलेक्टर ने बैठक में खेल स्थलों के चयन, आवास व्यवस्था, पेयजल, बिजली एवं प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और उद्घाटन एवं समापन समारोह की तैयारियों की विस्तार से जानकारी ली।उन्होंने सभी विभागों को अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने और आयोजन को सफल बनाने के लिए टीम भावना के साथ काम करने के निर्देश दिए।राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के आयोजन से GPM जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ही युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलेगा।
