अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव से पहले वैश्विक बाजारों के सकारात्मक रुख से मंगलवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 400 से अधिक अंक चढ़ गया। एचडीएफसी बैंक, एचडीएफसी, आईसीआईसीआई बैंक और टीसीएस के शेयरों में लाभ से भी बाजार धारणा मजबूत हुई। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 416.44 अंक या 1.04 प्रतिशत की बढ़त के साथ 40,174.02 अंक पर पहुंच गया। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 121.80 अंक या 1.04 प्रतिशत के लाभ से 11,790.95 अंक पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की कंपनियों में आईसीआईसीआई बैंक का शेयर सबसे अधिक करीब चार प्रतिशत के लाभ में था। एसबीआई, इंडसइंड बैंक, एचडीएफसी बैंक, टाटा स्टील और एचडीएफसी के शेयर भी बढ़त में थे।वहीं दूसरी ओर भारती एयरटेल, रिलायंस इंडस्ट्रीज, इन्फोसिस और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर नुकसान में थे।
कल बढ़त के साथ बंद हुआ बाजार
वैश्विक स्तर पर सकारात्मक रुख और स्थानीय स्तार पर मिले-जुले कारोबार के बीच वित्तीय कंपनियों के शेयरों में मजबूत लिवाली से बीएसई सेंसेक्स सोमवार को 144 अंक की तेजी के साथ बंद हुआ। उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 143.51 अंक यानी 0.36 प्रतिशत की बढ़त के साथ 39,757.58 अंक पर बंद हुआ हुआ। कारोबार के दौरान इसमें 633.11 अंक का उतार-चढ़ाव आया। इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 26.75 अंक यानी 0.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 11,669.15 अंक पर बंद हुआ।
विशेषज्ञों के अनुसार बैंकों के दूसरी तिमाही के वित्तीय परिणाम अनुमान से कहीं बेहतर रहने और वाहनों की बिक्री बढ़ने से बाजार को समर्थन मिला। वैश्विक स्तर पर शंधाई, हांगकांग, सोल और तोक्यो बाजारों में तेजी रही। यूरोप के प्रमुख बाजारों में भी शुरूआती कारोबार में तेजी दर्ज की गयी। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 2.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ 37.16 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

