अपनी अहमियत कैसे समझाएं उन्हें जो आपको नजर अंदाज करते हैं

अपनी अहमियत कैसे समझाएं उन्हें जो आपको नजर अंदाज करते हैं

किसी भी रिश्ते में प्यार के साथ सम्मान और कद्र भी जरूरी होती है। जब हम किसी को अपना समय, ध्यान, प्यार और परवाह देते हैं तो स्वाभाविक रूप से चाहते हैं कि सामने वाला भी हमारी भावनाओं को समझे। लेकिन कई बार ऐसा नहीं होता। हम लगातार किसी के लिए मौजूद रहते हैं, फिर भी सामने वाला हमारी कोशिशों को महत्व नहीं देता। ऐसी स्थिति में सवाल उठता है कि किसी को अपनी अहमियत कैसे समझाएं? रिलेशनशिप कोच और लेखक जवाल भट्ट के मुताबिक, इसका पहला कदम सामने वाले को बदलना नहीं, बल्कि खुद की अहमियत समझना है।

सबसे पहले खुद पर ध्यान देना शुरू करें

अगर कोई व्यक्ति आपके समय और भावनाओं की कद्र नहीं कर रहा है, तो बार-बार उसका ध्यान अपनी ओर खींचने की कोशिश करने के बजाय खुद पर ध्यान देना बेहतर है। अपने काम, परिवार, दोस्तों और पसंदीदा गतिविधियों के लिए समय निकालें। ऐसा करने से आपका पूरा ध्यान उस व्यक्ति पर निर्भर नहीं रहेगा और आपको अपनी जिंदगी में दूसरी महत्वपूर्ण चीजों की अहमियत भी महसूस होगी।

हर वक्त उसके लिए उपलब्ध न रहें

रिश्ते में एक-दूसरे का साथ देना अच्छी बात है, लेकिन हर समय सामने वाले के लिए उपलब्ध रहना और अपनी जरूरतों को नजरअंदाज करना स्वस्थ व्यवहार नहीं है। अगर आपकी परवाह को सामने वाला हमेशा आपकी जिम्मेदारी समझने लगे, तो अपनी सीमाएं तय करना जरूरी है। थोड़ी दूरी आपको अपनी भावनाओं को समझने का मौका दे सकती है और सामने वाले को भी आपकी मौजूदगी की अहमियत महसूस हो सकती है।

दूरी बनाएं, लेकिन किसी को सबक सिखाने के लिए नहीं

कभी-कभी दूरी बनाने के बाद सामने वाला रिश्ते को सुधारने की कोशिश कर सकता है। लेकिन अगर ऐसा नहीं होता, तो इसे अपनी कमी समझकर खुद को दोषी न मानें। अगर किसी रिश्ते में लगातार प्यार, सम्मान और भावनात्मक सुरक्षा नहीं मिल रही थी, तो उससे बाहर निकलना भी आपके लिए बेहतर फैसला हो सकता है। ऐसे व्यक्ति के पीछे लगातार भागते रहना जो आपकी कद्र नहीं करता, आगे चलकर भावनात्मक परेशानी बढ़ा सकता है।

आत्मसम्मान और अहंकार का अंतर समझें

रिश्ते में अपनी अहमियत बनाए रखने के लिए आत्मसम्मान और अहंकार के बीच का फर्क समझना बेहद जरूरी है। आत्मसम्मान का मतलब अपनी भावनाओं और इज्जत को महत्व देना है। वहीं अहंकार में अक्सर सामने वाले को नीचा दिखाने या अपनी बात को हर हाल में सही साबित करने की कोशिश शामिल होती है। इसलिए जब आप किसी से दूरी बनाएं तो खुद से पूछें कि आपकी वजह क्या है। अगर मकसद अपनी शांति और सम्मान बचाना है, तो यह आत्मसम्मान है। लेकिन अगर आप सामने वाले को सजा देना या उसे परेशान करना चाहते हैं, तो यह अहंकार की ओर जा सकता है।

अपनी खुशी को किसी एक व्यक्ति से न जोड़ें

किसी रिश्ते में प्यार महत्वपूर्ण है, लेकिन अपनी पूरी खुशी को किसी एक इंसान पर निर्भर कर देना सही नहीं है। अपने दोस्तों और परिवार के साथ समय बिताएं, अपने शौक पूरे करें और अपने व्यक्तिगत लक्ष्यों पर भी ध्यान दें। इससे न सिर्फ आत्मविश्वास बढ़ता है, बल्कि रिश्ते में जरूरत से ज्यादा भावनात्मक निर्भरता भी कम होती है।

किसी को बार-बार अपनी कद्र समझाने की जरूरत नहीं

आखिर में सबसे जरूरी बात यही है कि अपनी अहमियत साबित करने के लिए किसी के पीछे भागने की जरूरत नहीं होनी चाहिए। पहले खुद अपनी भावनाओं, समय और सम्मान को महत्व दें।जब आप खुद को महत्व देना शुरू करेंगे, तो आपको यह पहचानने में भी आसानी होगी कि कौन वास्तव में आपकी परवाह करता है और कौन सिर्फ आपकी मौजूदगी का फायदा उठा रहा है। स्वस्थ रिश्ता वही है, जहां प्यार के साथ दोनों पक्ष एक-दूसरे के समय, भावनाओं और सीमाओं का सम्मान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *