सावन सोमवार को भगवान शिव की पूजा के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु व्रत रखते हैं। व्रत के दौरान फलाहार के लिए कई तरह के व्यंजन बनाए जाते हैं। अगर इस सावन सोमवार आपको कुछ मीठा और स्वादिष्ट बनाने का मन है, तो खोया हलवा एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है।
खास बात यह है कि खोया हलवा बनाने के लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती। खोया और चीनी की मदद से इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है। आप इसे भगवान शिव को भोग के रूप में भी अर्पित कर सकते हैं।

खोया हलवा बनाने की सामग्री
खोया – 500 ग्राम
चीनी – 2 से 3 चम्मच
पानी – 1 कप
घी – 1 चम्मच
इलायची पाउडर – ¾ चम्मच
जायफल पाउडर – ½ चम्मच
ड्राई फ्रूट्स – आधा कप
कैसे बनाएं खोया हलवा?
सबसे पहले कड़ाही गर्म करें और इसमें कद्दूकस किया हुआ खोया डालें। गैस की आंच धीमी रखें और खोया को लगातार चलाते हुए भूनें। खोया का रंग हल्का भूरा होने तक इसे अच्छी तरह भूनना है।
इसी दौरान दूसरी तरफ चाशनी तैयार कर लें। इसके लिए एक बर्तन में 1 कप पानी और 2-3 चम्मच चीनी डालकर गर्म करें। चीनी के पूरी तरह घुलने के बाद गैस बंद कर दें। ध्यान रखें कि चाशनी को ज्यादा गाढ़ा नहीं करना है।
जब खोया हल्का भूरा होने लगे तो इसमें एक चम्मच चीनी डालकर कुछ देर और भूनें। इसके बाद एक चम्मच घी डालें। घी डालने से हलवे का स्वाद और खुशबू दोनों बेहतर हो जाएंगे।
अब तैयार चाशनी को धीरे-धीरे खोया में डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद इलायची पाउडर, जायफल पाउडर और कटे हुए ड्राई फ्रूट्स डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें।
कुछ देर पकाने के बाद जब हलवा अच्छी तरह तैयार हो जाए तो गैस बंद कर दें। आपका स्वादिष्ट खोया हलवा तैयार है। इसे गर्मागर्म परोस सकते हैं या भगवान शिव को भोग लगाने के बाद प्रसाद के रूप में ग्रहण कर सकते हैं।
