छत्तीसगढ़ के जशपुर जिला अस्पताल में मेडिकल सर्टिफिकेट जारी करने के बदले डॉक्टर पर रिश्वत मांगने का आरोप लगा है। शिकायतकर्ता का दावा है कि डॉक्टर ने पहले ₹1 हजार की मांग की और बाद में ₹500 लिए। इस पूरे मामले से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल बताया जा रहा है। मामले की शिकायत CM हेल्पलाइन में की गई है। शिकायत सामने आने के बाद जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास ने निष्पक्ष जांच के लिए एक कमेटी गठित की है।
हॉस्टल में एडमिशन के लिए चाहिए था मेडिकल सर्टिफिकेट
जानकारी के अनुसार, सन्ना थाना क्षेत्र के कवई गांव निवासी मुक्तेश्वर राम ने शपथ पत्र के माध्यम से शिकायत की है। उनके मुताबिक, 4 जुलाई 2026 को वह अपने दोस्त सहिन्द्र राम की बेटी करिश्मा का मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाने के लिए राजा देवशरण जिला अस्पताल पहुंचे थे।
बताया गया है कि करिश्मा को आरा चौकी क्षेत्र के झपरा स्थित पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में प्रवेश लेना था। इसके लिए मेडिकल प्रमाण पत्र जरूरी था। शिकायतकर्ता के अनुसार, इसी प्रमाण पत्र को बनवाने के दौरान डॉक्टर द्वारा पैसे मांगे गए।
वायरल वीडियो और शिकायत की जांच
मामले में वायरल वीडियो के साथ शिकायत में लगाए गए आरोपों और अन्य संबंधित तथ्यों की जांच की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि डॉक्टर पर लगाए गए रिश्वत के आरोप सही हैं या नहीं। प्रशासन ने मामले में निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।
