नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ को लेकर चर्चा के बीच भगवान श्रीराम की कथा पर आधारित एक और फिल्म दर्शकों के बीच आने वाली है। फिल्म का नाम ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ है। फिल्म में ‘कच्चा बादाम’ फेम अंजली अरोड़ा माता सीता की भूमिका निभाती नजर आएंगी। खास बात यह है कि फिल्म को हिंदी के साथ-साथ छत्तीसगढ़ी भाषा में भी रिलीज किया जाएगा। फिल्म का निर्देशन अभिषेक सिंह कर रहे हैं। ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ को 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी है।
अंजली अरोड़ा निभाएंगी माता सीता का किरदार
फिल्म के टीजर में राम और सीता के विवाह से लेकर वनवास और रावण से जुड़े प्रसंगों की झलक दिखाई गई है। इसमें देव शर्मा भगवान राम की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि अंजली अरोड़ा माता सीता का किरदार निभा रही हैं। वहीं, शील वर्मा को लक्ष्मण की भूमिका के लिए चुना गया है। अंजली अरोड़ा के लिए यह प्रोजेक्ट खास है, क्योंकि इसके जरिए वह बतौर अभिनेत्री फिल्मी दुनिया में डेब्यू कर रही हैं।
हिंदी के साथ छत्तीसगढ़ी में भी रिलीज होगी फिल्म
‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ का निर्माण महोबिया फिल्म्स के बैनर तले किया गया है। प्रकाश महोबिया और संजय बुंदेला इसके निर्माता हैं। फिल्म को अजय कनौजिया की कंपनी एजे फिल्म एंटरटेनमेंट वर्ल्ड प्रस्तुत कर रही है। फिल्म की सबसे खास बातों में से एक इसका छत्तीसगढ़ी भाषा में रिलीज होना है। यानी छत्तीसगढ़ के दर्शक रामायण की इस कहानी को अपनी स्थानीय भाषा में भी बड़े पर्दे पर देख सकेंगे।
फिल्म के टीजर की शुरुआत राम और सीता के स्वयंवर से होती है। इसके बाद कहानी वनवास की ओर बढ़ती दिखाई देती है। टीजर में ‘रघुकुल रीत सदा चली आई, प्राण जाए पर वचन न जाई’ जैसे चर्चित संवाद के साथ रामायण की चौपाइयों का इस्तेमाल किया गया है। वनवास के दौरान राम और सीता के प्रसंगों के साथ लक्ष्मण रेखा और रावण से जुड़े घटनाक्रमों की भी झलक दिखाई गई है। टीजर के अंतिम हिस्से में रावण के विनाश की ओर बढ़ती कहानी को दिखाया गया है।
25 सितंबर को सिनेमाघरों में आएगी
‘महाकाव्य श्री रामायण कथा’ को लेकर खास उत्सुकता इसलिए भी है क्योंकि फिल्म में अंजली अरोड़ा पहली बार बड़े पर्दे पर अभिनय करती नजर आएंगी। इसके अलावा हिंदी के साथ छत्तीसगढ़ी भाषा में रिलीज होने के कारण फिल्म को क्षेत्रीय दर्शकों तक भी पहुंचाने की तैयारी है।
