छत्तीसगढ़ के मरवाही वन परिक्षेत्र में भालू की बढ़ती सक्रियता ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। अलग-अलग स्थानों पर हुए भालू के हमलों में एक दंपति समेत तीन लोग घायल हो गए। घटनाओं के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल की ओर जाते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। विभाग की ओर से पीड़ित परिवारों को तत्कालिक आर्थिक सहायता भी दी गई।
मवेशी चराने गए ग्रामीण पर किया हमला
पहली घटना नाका परिसर के कक्ष क्रमांक 2005 के पास हुई। स्थानीय निवासी लालजी मवेशियों को चराने के लिए जंगल गया था। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे भालू ने अचानक उस पर हमला कर दिया। हमले में लालजी गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसे उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
घर लौट रहे दंपति पर भी भालू ने बोला हमला
दूसरी घटना में मनोज अपनी पत्नी सीतल और बेटे साजन के साथ खेत का काम पूरा करने के बाद बैलों को लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक भालू सामने आ गया और उसने मनोज तथा सीतल पर हमला कर दिया। भालू से बचने की कोशिश में उनका बेटा साजन पास के एक गड्ढे में कूद गया। इस दौरान उसे भी अंदरूनी चोटें आईं। घटना के बाद तीनों को उपचार के लिए मरवाही के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
एक ही भालू होने की आशंका
लगातार हुई दोनों घटनाओं को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि दोनों हमलों के पीछे एक ही भालू हो सकता है। इलाके में भालू की गतिविधियों को लेकर वन विभाग सतर्क है।
वन विभाग ने ग्रामीणों को किया अलर्ट
घटनाओं के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों से जंगल की ओर जाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है। खासकर सुबह और शाम के समय जंगल की ओर जाने से बचने की सलाह दी गई है। ग्रामीणों से जंगल के रास्तों पर सतर्क रहने और किसी भी जंगली जानवर की गतिविधि नजर आने पर तुरंत वन विभाग को सूचना देने को कहा गया है।
