ब्रिटेन के शाही परिवार की छोटी बहू मेगन मर्केल ने हाल ही में एक इंटरव्यू दिया था। पॉपुलर अमेरिकी टीवी हस्ती ओप्रा विन्फ्रे को दिए इस इंटरव्यू में मेगन ने रॉयल फैमिली पर कई गंभीर आरोप लगाए और कई बड़े खुलासे भी किए। उनके इस इंटरव्यू पर अब फैंस और सेलिब्रिटीज प्रतिक्रिया दे रहे हैं। वहीं दिग्गज बॉलीवुड एक्ट्रेस सिमी ग्रेवाल का रिएक्शन भी सामने आया है। सिमी ग्रेवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर कहा कि मेगन झूठ बोल रही हैं और सहानुभूति पाने के लिए ‘रेसिज्म कार्ड’ का उपयोग कर रही हैं।
खुद को विक्टिम बताने के लिए झूठ बोल रही हैं मेगन
सिमी ग्रेवाल ने लिखा, “मुझे विश्वास नहीं हो रहा है कि यह सारी बातें मेगन बोल रही हैं। वे खुद को विक्टिम बताने के लिए झूठ बोल रही हैं। सहानुभूति हासिल करने के लिए ‘रेसिज्म कार्ड’ का उपयोग कर रही हैं, ईविल।” सिमी ने अपनी दूसरी पोस्ट में लिखा, “मैं अपना ‘ईविल’ शब्द वापल लेती हूं। सोच रही हूं कि कौन सा शब्द ज्यादा ठीक होगा।” सिमी के ये पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं। इस पर अब सिमी के फैंस अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
मेगन मर्केल ने रॉयल फैमिली पर लगाए आरोप
शाही परिवर से अलग हो चुके ब्रिटेन के प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन मर्केल ने रविवार को ओप्रा विन्फ्रे को दिए इंटरव्यू में कई बड़े खुलासे किए थे। इस दौरान मेगन मर्केल ने कहा था कि शाही परिवार से जुड़ने के बाद उनकी आजादी काफी कम हो गई थी। रॉयल परिवार में जिंदगी बहुत एकाकी थी। उन्हें दोस्तों के साथ लंच पर जाने की भी इजाजत नहीं थी, क्योंकि उन्हें मीडिया में काफी ज्यादा कवर किया जाता था। मेगन ने कहा कि एक वक्त ऐसा भी आया था जब मैं पूरी तरह से टूट गई थी। मैं जीना नहीं चाहती थी और खुदकुशी के ख्याल आते थे।
मेगन ने कहा था, “मुझे शाही परिवार के बारे में उतना ही पता था, जितना मेरे पति हैरी ने मुझे बताया था। लोगों को लगता है कि ये परियों की दुनिया है, लेकिन सच्चाई इससे काफी अलग है।” मर्केल ने बताया कि उन्होंने शाही शादी से तीन दिन पहले ही शादी कर ली थी। 19 मई 2018 को हुई उन दोनों की शाही शादी सिर्फ औपचारिकता थी। मेगन ने कहा कि शाही शादी के दिन उन्हें पता था कि ये दिन हैरी और उनके बजाय दुनिया के लिए ज्यादा अहम था।
बेटे आर्ची के अलग रंग के कारण बदला प्रिंस बनाने का नियम
शाही परिवार हैरी-मेगन के बेटे आर्ची को प्रिंस नहीं बनाना चाहता था, क्योंकि उन्हें डर था कि कहीं वह गैर श्वेत ना हो। आर्ची के जन्म से पहले परिवार ने हैरी से चर्चा की थी, यह दर्दनाक था। मेगन ने कहा मैं गर्भवती थी, उस वक्त नियम बदले गए। खबर से मुझे झटका लगा, क्योंकि मुद्दा सिर्फ उपाधि का नहीं, सुरक्षा से भी जुड़ा था।
मेगन ने कहा था कि उनकी सबसे बड़ी गलती यही थी कि उन्होंने शाही परिवार पर भरोसा किया। शाही परिवार ने वादा किया था कि उन्हें हमेशा सुरक्षित रखा जाएगा, पर ऐसा नहीं हुआ। हैरी ने कहा कि पिता चार्ल्स ने सबसे ज्यादा निराश किया। आर्थिक मदद बंद करने के बाद एक वक्त तो ऐसा आया जब उन्होंने फोन उठाना ही बंद कर दिया था। मेरी मां प्रिंसेस डायना होतीं, तो ऐसा देखकर दुखी होतीं। इस मौके पर शाही परिवार सार्वजनिक समर्थन दिखा सकता था पर दुख की बात है किसी ने कुछ नहीं कहा। इस इंटरव्यू के दौरान हैरी-मेगन ने बताया कि वे जल्द ही एक बेटी के पैरेंट्स भी बनने वाले हैं।

