- पाटन क्षेत्र में सरकारी शराब की दुकान खोले जाने को लेकर 4 अगस्त को हुआ था प्रदर्शन
- दुर्ग सांसद बघेल के प्रदर्शन को देखते पाटन थाने में की जा रही है बैरिकेडिंग, व्यवस्था बढ़ाई
छत्तीसगढ़ में दुर्ग जिले के पाटन में मंगलवार को भाजपा नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में हंगामा शुरू हो गया है। नेताओं पर कार्रवाई से नाराज दुर्ग सांसद विजय बघेल बुधवार दोपहर समर्थकों के साथ गिरफ्तारी देने का ऐलान किया है। इसको देखते हुए पाटन थाने में बैरिकेडिंग के साथ सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जा रही है। तीनों भाजपा नेता शराब दुकान में लूट के आरोप में पकड़े गए हैं।

दरअसल, भाजपा नेता और कार्यकर्ता 4 अगस्त को पाटन में सरकारी शराब दुकान खोले जाने का विरोध कर रहे थे। सभी शराब दुकान के सामने ही मौजूद थे। इसी दौरान एक वाहन शराब भरकर दुकान में पहुंचा। इस पर प्रदर्शनकारियों ने हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि इस हंगामे और भगदड़ के बीच 7 पेटी शराब लूट ली गई। पुलिस ने इस मामले में 150 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।

लूटपाट मामले में भाजपा नेताओं सहित 150 लोगों पर दर्ज की है एफआईआर
अमलेश्वर थाना पुलिस ने मंगलवार को पाटन से भाजपा मंडल अध्यक्ष लोकमणि चंद्राकर, सांसद प्रतिनिधि राजा पाठक और जितेंद्र सेन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। एएसपी ग्रामीण प्रज्ञा मेश्राम ने बताया कि लूटपाट करने वाले आरोपियों में इनके अतिरिक्त खेमलाल साहू, लालेश्वर साहू, जिला पंचायत सदस्य मोनू साहू, हर्षा चंद्राकर, राजकुमार ठाकुर, आशीष शर्मा, राकेश चंद्राकर, कुणाल शर्मा समेत 150 नाम हैं।

