रायपुर- राजधानी के टिकरापारा थाना इलाके में एक युवक की हत्या कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक युवक को तीन बदमाशों ने पुरानी रंजिश के चलते जमकर मारा। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां आज उसकी मौत हो गई। इसके बाद भड़के परिजनों ने थाने का घेराव कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। किसी तरह पुलिस ने परिजनों को समझाइश देकर मामले को शांत कराया।
टिकरापारा थाना प्रभारी अमित बेरिया ने बताया कि, घटना 4 अगस्त को संजय नगर स्थित ठैन्च् कॉलोनी की है। यहां अजय तांडी नामक युवक के साथ पुरानी रंजिश को लेकर तीन युवकों ने मारपीट की। आरोपियों ने अजय तांडी को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। जिसके बाद घायल अजय तांडी को इलाज के लिए रामकृष्ण केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान आज सुबह उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक अजय तांडी के भाई प्रेम तांडी और उनके परिजनों सहित स्थानीय निवासियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने का घेराव कर दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिजनों को समझाइश देकर शांत कराया गया है। वहीं घटना में शामिल आरोपी सदाफ खान, अमजद और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने किस बात को लेकर युवक की हत्या की है यह अब जांच का विषय बना हुआ है। फिलहाल आरोपियों से घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है।

