धरने पर बैठे ‘हेल्थ वर्कर्स’, 600 से ज्यादा संविदा कर्मचारियों को नौकरी से निकाला

बस्तर- जिले के डिमरापाल मेडिकल कॉलेज(मेकाज) और महारानी अस्पताल में कार्यरत लगभग 600 संविदा कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया गया है। दरअसल, साल 2018 में लगभग 600 हेल्थ कर्मचारियों की DMF मद के तहत भर्ती की गई थी। कोरोना काल में भी इन्होंने अपनी सेवा दी है। अचानक नौकरी से निकाले जाने के बाद सभी कर्मचारियों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

ये सभी हेल्थ वर्कर्स पिछले 3 साल से अधिक समय से अपनी सेवा दे रहे थे। काम से निकाले जाने के बाद सभी कर्मचारी डिमरापाल मेडिकल कॉलेज के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं।

कर्मचारियों ने कहा कि, प्रशासन ने तुगलकी फरमान जारी किया और हमें नौकरी से निकाल दिया गया। उन्होंने कहा कि, नौकरी से निकाले जाने के बाद उनके सामने अब रोजी-रोटी का बड़ा संकट आ गया है। जब तक नौकरी में वापस नहीं रखा जाएगा तब तक वे धरने में बैठे रहेंगे।