दो दिन बाद दूल्हा बनने वाला था CRPF जवान, सड़क हादसे में गई जान

बीजापुर जिले के बासागुड़ा में सीआरपीएफ में आरक्षक के पद पर पदस्थ जवान विजय मरपल्ली की शादी 21 फरवरी को होनी थी। शनिवार को विजय खुद अपनी शादी का कार्ड देने आस-पास के गांव बाइक से निकला था। कार्ड बांटने के बाद वापसी के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग 63 में उसकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जिसमें विजय को गंभीर चोटें आई। प्रत्यक्षदर्शियों ने आनन-फानन में भोपालपटनम में प्राथमिक उपचार के बाद जिला मुख्यालय ले जाया जा रहा था। जहां समुचित इलाज नहीं मिलने के कारण परिवार वाले तेलंगाना ले जाने लगे। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। अस्पताल पहुंचने के बाद ही विजय की मौत हो गई।

विजय की मौत के बाद परिवार सहित पूरे गांव में मातम पसर गया। गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार से पहले सीआरपीएफ के आलाअधिकारियों ने भी घर पहुंचकर मृतक जवान को श्रद्धांजलि दी।