कटघोरा वन मंडल के केंदई वन परिक्षेत्र में गुरुवार शाम दंतैल हाथी के सड़क पर आ जाने से NH-130 पर करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। मोरगा और चोटिया के बीच कपांनवापारा जंगल के पास शाम करीब 5 बजे हाथी मुख्य मार्ग पर पहुंच गया। देखते ही देखते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। हाथी सड़क के बीचों-बीच खड़ा रहा और आसपास से गुजर रहे वाहनों की तरफ दौड़ लगाने की कोशिश की। इससे वाहन चालकों और राहगीरों में दहशत फैल गई। कई लोगों ने अपने वाहन पीछे किए और सुरक्षित स्थान की ओर चले गए।

मरवाही से कटघोरा पहुंचा है हाथी
जानकारी के मुताबिक, यह दंतैल हाथी मरवाही वन परिक्षेत्र से कटघोरा वन मंडल की सीमा में पहुंचा है। इससे पहले हाथी के ग्रामीण इलाकों में पहुंचने और कई घरों को नुकसान पहुंचाने की जानकारी सामने आई है। हाथी की मौजूदगी से आसपास के गांवों में भी डर का माहौल बना हुआ है।
वन अमले और हाथी मित्र दल ने संभाला मोर्चा
हाथी के NH-130 पर आने की सूचना मिलते ही केंदई वन परिक्षेत्र का अमला और हाथी मित्र दल मौके पर पहुंच गया। रेंजर, डिप्टी रेंजर और मैदानी कर्मचारियों ने हाथी मित्र दल के साथ मिलकर स्थिति संभाली। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सायरन और हूटर की मदद से हाथी को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ा गया। हाथी के मुख्य मार्ग से हटने के बाद ही हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका। वन विभाग ने हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों और आसपास के ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। खासकर जंगल से होकर गुजरने वाले रास्तों पर रात के समय अतिरिक्त सावधानी बरतने और हाथी दिखाई देने पर उसके करीब न जाने की सलाह दी गई है।
