जुनवानी इलाके के एक वेलनेस स्पा सेंटर में देह व्यापार संचालित किए जाने के आरोप का पुलिस ने खुलासा किया है। स्मृतिनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटर के मैनेजर और एक महिला दलाल समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से करीब 4 लाख रुपये कीमत के 19 मोबाइल फोन और ग्राहकों से मिले 1,900 रुपये नकद समेत अन्य सामग्री जब्त की है।
मुखबिर की सूचना पर स्पा सेंटर में रेड
ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चन्द्रा के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि जुनवानी स्थित ली वेलनेस स्पा सेंटर की आड़ में कथित तौर पर देह व्यापार चलाया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद स्मृतिनगर पुलिस की टीम गठित कर सेंटर में दबिश दी गई। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर के मैनेजर तनय सोनी द्वारा पैसे लेकर महिलाओं को कथित रूप से देह व्यापार के लिए उपलब्ध कराने की जानकारी सामने आई। वहीं हेमा सिंह उर्फ प्रीत पर महिला दलाल के रूप में लड़कियां उपलब्ध कराने का आरोप है।
19 मोबाइल और नकदी समेत सामग्री जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान मौके से 19 मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा ग्राहकों से प्राप्त 1,900 रुपये नकद, ग्राहकों और कथित रूप से देह व्यापार के लिए आने वाले लोगों से संबंधित जानकारी वाली सामग्री, आपत्तिजनक सामग्री और अन्य दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में तनय सोनी (23), हेमा सिंह उर्फ प्रीत (32), रूपेन्द्र जंघेल (39), रितिक सोनी (26), दिनेन्द्र कुमार सोनी (27), हेमंत सिन्हा (28), अविनाश शर्मा उर्फ अभी (32), आनंद कुमार (31) और अरुण पाण्डेय (24) को गिरफ्तार किया है।
अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब जब्त मोबाइल फोन, दस्तावेजों और अन्य सामग्री के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है। जांच के दौरान स्पा सेंटर के संचालन और कथित गतिविधियों से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आने की संभावना है।
