Instagram से शुरू हुई दोस्ती,थाने तक पहुंची कहानी

Instagram से शुरू हुई दोस्ती,थाने तक पहुंची कहानी

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में Instagram पर हुई दोस्ती के बाद युवती से दुष्कर्म और पैसे लेने का मामला सामने आया है। पुसौर थाना क्षेत्र की 19 वर्षीय युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने और 45 हजार रुपये लेने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Instagram पर भेजी थी फ्रेंड रिक्वेस्ट

पुलिस के अनुसार, ग्राम बुनगा निवासी 24 वर्षीय अनिल कुमार साव ने वर्ष 2025 में युवती को Instagram पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ने के बाद युवक ने कथित तौर पर युवती से प्रेम का इजहार किया और उससे शादी कर पत्नी बनाने का भरोसा दिया।

शिकायत के मुताबिक, इसी भरोसे में युवती 15 अक्टूबर 2025 को पटेलपाली कॉलेज के पास उससे मिलने पहुंची। आरोप है कि युवक उसे एक होटल में ले गया, जहां उसकी इच्छा के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए गए।

मई 2026 तक अलग-अलग जगहों पर शोषण का आरोप

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी शादी का भरोसा देकर मई 2026 तक अलग-अलग स्थानों पर उसका शारीरिक शोषण करता रहा। इसी दौरान शादी की तैयारियों का हवाला देकर उसने युवती से 45 हजार रुपये भी लिए।

जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी कथित तौर पर विवाद करने लगा और उसे वहां से भगा देता था। बाद में उसने शादी करने से इनकार कर दिया।

पैसे वापस मांगने पर धमकी देने का आरोप

शिकायत के अनुसार, जब युवती ने अपने 45 हजार रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और मारपीट करने की धमकी दी। इसके बाद युवती ने परिवार को पूरी घटना की जानकारी दी। परिजनों की सलाह पर युवती सोमवार को पुसौर थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई।

महिला अधिकारी ने दर्ज किया बयान

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने महिला अधिकारी के माध्यम से पीड़िता का बयान दर्ज कराया और उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी अनिल कुमार साव के ठिकाने पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत मामला दर्ज किया है। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *