Headlines

रायपुर-भिलाई से कान्हा घूमने निकले 5 दोस्त, नदी में बह गई कार

दनिया पुल पर तेज बहाव में नदी में फंसी कार और पांच दोस्तों का पुलिस ने किया रेस्क्यू दनिया पुल पर नदी में बही कार, 5 दोस्तों का रेस्क्यू

खैरागढ़ जिले के दनिया पुल पर शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा टल गया। कान्हा-किसली घूमने जा रहे रायपुर और भिलाई के पांच दोस्तों की कार तेज बहाव में बहकर नदी के बीच फंस गई। कार में सवार पांचों लोगों ने पेड़ का सहारा लेकर अपनी जान बचाई।

सूचना मिलते ही गंडई थाना प्रभारी शिवशंकर गेंदले पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। रात के अंधेरे, तेज बारिश और उफनते पानी के बीच उन्होंने टीम के साथ रेस्क्यू अभियान चलाया और पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद सभी को गंडई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

स्टॉपर से टकराने के बाद बहने लगी कार

पुलिस के मुताबिक, घटना 25 सितंबर की रात करीब 2:30 बजे हुई। रायपुर की ओर से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक CG 04 PV 5636 दनिया पुल पर पहुंची थी।

पुल पर बाढ़ के खतरे को देखते हुए पुलिस ने स्टॉपर लगाए थे। बताया गया कि कार चालक ने स्टॉपर को टक्कर मार दी। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक वाहन को आगे ले गया।

इसके बाद कार तेज बहाव के बीच फंस गई और पानी के दबाव में सड़क से बहकर नदी की मझधार तक पहुंच गई।

पेड़ के सहारे लटके रहे पांचों दोस्त

कार के नदी में फंसने के बाद उसमें सवार पांचों लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर एक पेड़ का सहारा लिया। तेज बहाव और अंधेरे के बीच वे काफी देर तक पेड़ के सहारे अपनी जान बचाते रहे।

जानकारी मिलने के बाद गंडई थाना प्रभारी शिवशंकर गेंदले पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तेज बहाव के बीच पानी में उतरकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

रायपुर-भिलाई के रहने वाले हैं सभी

खैरागढ़ एसपी लक्ष्य शर्मा के मुताबिक, गंडई थाना प्रभारी ने पांच लोगों को डूबने से बचाया। उन्होंने बताया कि कार दनिया पुल पर फंसने के बाद पानी के बहाव में बह गई थी और थाना प्रभारी ने पानी में उतरकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

कार में कमलेश साहू, कुबेर साहू, निहाल सक्सेना, महक कौर और प्रीति रात्रे सवार थे। सभी रायपुर और भिलाई के रहने वाले बताए गए हैं। पांचों दोस्त कान्हा-किसली घूमने के लिए निकले थे।

रेस्क्यू के बाद सभी की स्थिति सुरक्षित बताई गई और उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए गंडई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *