रायपुर स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में 11वें से छठे स्थान पर पहुंचा

रायपुर स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में 11वें से छठे स्थान पर पहुंचा

रायपुर ने स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में इस बार बेहतर प्रदर्शन किया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के सर्वेक्षण में 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में रायपुर ने 189 अंक के साथ छठी रैंक हासिल की है। पिछले साल रायपुर 184 अंक के साथ 11वें स्थान पर था। यानी एक साल में शहर के स्कोर में 5 अंक और रैंकिंग में 5 स्थान का सुधार हुआ है। हालांकि, रैंकिंग में सुधार के बावजूद शहर में हरियाली बढ़ाने, ई-वाहनों की संख्या बढ़ाने और PM10 के स्तर को कम करने जैसी चुनौतियां अभी बनी हुई हैं।

तीन साल में 19.5 अंक का सुधार

रायपुर की रैंकिंग पर नजर डालें तो पिछले कुछ वर्षों में स्कोर में लगातार सुधार हुआ है।

  • 2023: 169.5 अंक, 16वीं रैंक
  • 2024: 177.5 अंक, 8वीं रैंक
  • 2025: 184 अंक, 11वीं रैंक
  • 2026: 189 अंक, 6वीं रैंक

इस तरह 2023 की तुलना में 2026 में रायपुर के स्कोर में 19.5 अंक का सुधार हुआ है।

सड़क की धूल और निर्माण कचरे पर फोकस

सर्वेक्षण की तैयारियों के दौरान शहर में सड़क की धूल, निर्माण और तोड़फोड़ से निकलने वाले कचरे, औद्योगिक उत्सर्जन, वाहनों से होने वाले प्रदूषण और जनजागरूकता जैसे क्षेत्रों पर काम किया गया। शहर की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, करीब 2652 किलोमीटर सड़कों की सफाई, प्रतिदिन 69 टन निर्माण कचरे का संग्रहण और प्रसंस्करण तथा प्रमुख निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के उपाय किए गए। इसके अलावा 186 उद्योगों में उत्सर्जन मानकों के पालन पर भी काम किया गया। ई-वाहनों को बढ़ावा देने के लिए शहर में 22 ईवी चार्जिंग स्टेशन उपलब्ध कराए गए हैं।

रैंकिंग सुधरी, लेकिन हवा की चुनौतियां कायम

रायपुर की रैंकिंग में सुधार जरूर हुआ है, लेकिन इसे शहर की वायु गुणवत्ता में उसी अनुपात में सुधार का सीधा प्रमाण नहीं माना जा सकता। पिछले आकलन में 313 किलोमीटर क्षेत्र के मुकाबले केवल 64.06 किलोमीटर क्षेत्र में हरियाली विकसित होने की जानकारी सामने आई थी। वहीं कुल वाहनों में ई-वाहनों की हिस्सेदारी करीब 1.5 प्रतिशत बताई गई थी। सके अलावा PM10 के स्तर में सुधार भी सीमित रहा। ऐसे में शहर के सामने प्रदूषण नियंत्रण के साथ हरित क्षेत्र और स्वच्छ परिवहन को बढ़ाने की चुनौती बनी हुई है।

रायपुर के दो वार्ड और भिलाई का एक वार्ड शामिल

स्वच्छ वायु सर्वेक्षण की वार्ड स्तरीय रैंकिंग में भी छत्तीसगढ़ के शहरों को जगह मिली है। 30 हजार से अधिक आबादी वाले वार्डों की श्रेणी में रायपुर के वार्ड 46 RMC को स्थान मिला है। वहीं 10 हजार से 30 हजार आबादी वाली श्रेणी में रायपुर के वार्ड 30 RMC को जगह मिली। 10 हजार से कम आबादी वाले वार्डों की श्रेणी में भिलाई के वार्ड 5 कोसा नगर का चयन हुआ है।

दुर्ग-भिलाई और कोरबा की भी रैंकिंग

10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में दुर्ग-भिलाई ने 175.3 अंक के साथ 17वीं रैंक हासिल की। वहीं 3 लाख से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में कोरबा ने 186.5 अंक के साथ 10वीं रैंक प्राप्त की। इस तरह स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में छत्तीसगढ़ के रायपुर, दुर्ग-भिलाई और कोरबा ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।

2022 से हो रहा स्वच्छ वायु सर्वेक्षण

स्वच्छ वायु सर्वेक्षण केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय और CPCB की पहल है। इसकी शुरुआत 2022 में हुई थी। सर्वेक्षण में शहरों को सड़क की धूल, कचरा और बायोमास जलाने, वाहनों और उद्योगों से होने वाले उत्सर्जन, निर्माण गतिविधियों और वायु गुणवत्ता सुधार के लिए किए गए उपायों समेत अलग-अलग मानकों पर परखा जाता है।

फैक्ट फाइल: रायपुर की रैंकिंग

2023: 169.5 अंक | 16वीं रैंक
2024: 177.5 अंक | 8वीं रैंक
2025: 184 अंक | 11वीं रैंक
2026: 189 अंक | 6वीं रैंक

तीन साल में स्कोर सुधार: 19.5 अंक
एक साल में सुधार: 5 अंक और 5 रैंक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *