पूजा पैकरा को न्याय दिलाने बैकुंठपुर में निकली रैली, आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

पूजा पैकरा को न्याय दिलाने बैकुंठपुर में निकली रैली, आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

कोरिया/बैकुंठपुर। पूजा पैकरा आत्महत्या मामले में न्याय की मांग अब तेज होती जा रही है। रविवार को सर्व आदिवासी समाज के नेतृत्व में बड़ी संख्या में सामाजिक संगठनों, परिजनों और स्थानीय लोगों ने बैकुंठपुर में रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मामले के सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

पोस्टर लेकर निकाली रैली, एसपी कार्यालय घेराव का प्रयास

न्याय की मांग को लेकर लोगों ने हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर शहर में रैली निकाली। प्रदर्शनकारी एसपी कार्यालय का घेराव करने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। इसके बाद कुमार चौक पर बड़ी संख्या में लोगों ने एकत्र होकर नारेबाजी की और पूजा पैकरा को न्याय दिलाने की मांग उठाई। रैली में महिलाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही।

आईसी मार्ट संचालक पर प्रताड़ना का आरोप

परिजनों और प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि आईसी मार्ट के संचालक द्वारा की गई कथित प्रताड़ना से परेशान होकर पूजा पैकरा ने 8 जुलाई को आत्महत्या कर ली थी। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी विनोद वैद्य को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, लेकिन दो अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है। इसी को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

कोरिया एसपी को सौंपा गया ज्ञापन

प्रदर्शन के बाद सर्व आदिवासी समाज और पीड़ित परिवार की ओर से कोरिया पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मामले के सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने की मांग की गई।

एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं हुई तो होगा आंदोलन

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर मामले में ठोस और संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई, तो सर्व आदिवासी समाज व्यापक और आंदोलन करेगा। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि पूजा पैकरा के परिवार को न्याय दिलाने के लिए वे अंतिम दम तक संघर्ष जारी रखेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *