मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार में कारोबार की शुरुआत तेज बढ़त के साथ हुई, लेकिन कुछ ही देर बाद बाजार का रुख पूरी तरह बदल गया। सेंसेक्स और निफ्टी शुरुआती तेजी गंवाकर तेजी से नीचे आ गए। दिन के अंत तक सेंसेक्स अपने उच्चतम स्तर से 1400 अंक से ज्यादा टूट गया, जबकि निफ्टी भी दिन के हाई से 474 अंक फिसल गया।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 777 अंक की गिरावट के साथ 74,003 के स्तर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 75,436 के हाई तक पहुंचा था। इस तरह दिन के ऊपरी स्तर से सेंसेक्स में 1,433 अंकों की गिरावट दर्ज हुई। एनएसई निफ्टी ने भी तेजी के साथ कारोबार शुरू किया था। पिछले बंद 23,398 के मुकाबले निफ्टी 23,576 पर खुला और 23,592 के स्तर तक पहुंचा। इसके बाद बिकवाली हावी हुई और इंडेक्स 23,118 पर बंद हुआ।
शेयर बाजार में गिरावट के 3 बड़े कारण
मंगलवार को बाजार में अचानक आई गिरावट के पीछे कई वैश्विक संकेत जिम्मेदार रहे। इनमें मध्य पूर्व का तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में उछाल और India VIX की बढ़ोतरी प्रमुख कारण रहे।
1. अमेरिका-ईरान तनाव से महंगा हुआ कच्चा तेल
वेस्ट एशिया में अमेरिका-ईरान तनाव और मध्य पूर्व में बढ़ते संघर्ष ने वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ाई है। इसका असर कच्चे तेल की कीमतों पर भी पड़ा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 107 डॉलर प्रति बैरल के पार कारोबार कर रहा था। तेल की कीमतों में तेजी से महंगाई का जोखिम बढ़ने की आशंका रहती है, जिससे शेयर बाजार के सेंटीमेंट पर दबाव पड़ता है।
2. 10 साल की अमेरिकी बॉन्ड यील्ड 5% के पार
बाजार में गिरावट का दूसरा बड़ा कारण अमेरिकी बॉन्ड मार्केट से जुड़ा रहा। सोमवार को बेंचमार्क 10-वर्षीय अमेरिकी बॉन्ड यील्ड 5 फीसदी तक पहुंच गई। यह अक्टूबर 2023 के बाद पहली बार इस स्तर पर पहुंचने की बात कही गई है। 10-वर्षीय अमेरिकी बॉन्ड यील्ड को वैश्विक वित्तीय बाजारों के लिए महत्वपूर्ण संकेतक माना जाता है। इसके अलावा पिछले कारोबारी सत्र में अमेरिकी शेयर बाजार में आई बड़ी गिरावट का असर भी मंगलवार को भारतीय बाजार में देखने को मिला।
3. India VIX में अचानक उछाल
शेयर बाजार में अस्थिरता और निवेशकों के डर को दर्शाने वाले India VIX में भी मंगलवार को तेज उछाल आया। यह करीब 6 फीसदी बढ़कर 13 के पार निकल गया। वैश्विक तनाव और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच VIX में तेजी ने बाजार में अनिश्चितता को बढ़ाया। इससे निवेशकों के बीच बिकवाली का दबाव और मजबूत हुआ।
इन बड़े शेयरों में भी दिखी गिरावट
मंगलवार की बिकवाली का असर कई लार्जकैप शेयरों पर पड़ा। बीएसई की लार्जकैप कैटेगरी में BEL करीब 5 फीसदी, IndiGo 3.56 फीसदी, Bajaj Finserv 2.96 फीसदी और Adani Ports 2.50 फीसदी तक नीचे रहे।
इसके अलावा SBI में 2.42 फीसदी, Titan में 2.35 फीसदी, Bajaj Finance में 2.34 फीसदी, Asian Paints में 2.31 फीसदी, M&M में 2.19 फीसदी और Trent में करीब 2 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। इस तरह शुरुआती तेजी के बाद बाजार में आई तेज बिकवाली ने निवेशकों को चौंका दिया। वैश्विक तनाव, महंगा कच्चा तेल, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड और India VIX में तेजी फिलहाल बाजार के लिए प्रमुख चिंता के संकेत बने हुए हैं।
