टीचर हो तो ऐसा, दिव्यांग बच्ची को गोद में उठाकर क्लासमेट्स संग कराया डांस

टीचर हो तो ऐसा, दिव्यांग बच्ची को गोद में उठाकर क्लासमेट्स संग कराया डांस

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने लोगों का दिल जीत लिया है। वीडियो में एक जिम टीचर अपनी दिव्यांग छात्रा को अकेला न छोड़ते हुए उसे गोद में उठाकर बाकी बच्चों के साथ डांस में शामिल कराते नजर आ रहे हैं। शिक्षक के इस संवेदनशील कदम की सोशल मीडिया यूजर्स जमकर तारीफ कर रहे हैं। कहते हैं कि एक अच्छा शिक्षक वही होता है, जो अपनी कक्षा के हर बच्चे को बराबर समझे और किसी भी छात्र को पीछे न छूटने दे। वायरल हो रहा यह वीडियो इसी सोच की खूबसूरत मिसाल पेश करता है।

दिव्यांग बच्ची को अकेला नहीं रहने दिया

वीडियो में स्कूल के बच्चे एक साथ लाइन में खड़े होकर म्यूजिक की धुन पर डांस करते दिखाई देते हैं। इसी दौरान एक दिव्यांग बच्ची बाकी बच्चों से अलग खड़ी नजर आती है। शारीरिक अक्षमता के कारण बच्ची दूसरे बच्चों की तरह खुद से डांस नहीं कर पा रही थी। तभी जिम टीचर उसके पास पहुंचे और उसे अपनी बाहों में सहारा देकर डांस में शामिल कर लिया।

क्लासमेट्स के साथ डांस करती नजर आई बच्ची

टीचर ने बच्ची को इस तरह सहारा दिया कि वह भी बाकी बच्चों के साथ डांस परफॉर्मेंस का हिस्सा बन सके। बच्ची के चेहरे पर दिखाई दे रही खुशी और मुस्कान इस पूरे पल को और खास बना देती है। टीचर ने अपने इस छोटे से प्रयास से बच्ची को यह महसूस नहीं होने दिया कि वह अपने दोस्तों से किसी भी तरह अलग है। उन्होंने उसे भी उसी उत्साह के साथ गतिविधि में शामिल किया, जिस तरह बाकी बच्चे हिस्सा ले रहे थे।

सोशल मीडिया पर टीचर की हो रही तारीफ

वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही तेजी से वायरल होने लगा। इसे देखने वाले यूजर्स शिक्षक के व्यवहार और संवेदनशीलता की प्रशंसा कर रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि बच्चों के भीतर आत्मविश्वास पैदा करने और उन्हें बराबरी का एहसास कराने वाले ऐसे शिक्षक समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। वीडियो ने एक बार फिर दिखाया कि किसी बच्चे को आगे बढ़ाने के लिए हमेशा बड़े प्रयास की जरूरत नहीं होती। कभी-कभी किसी का हाथ थाम लेना ही उसके चेहरे पर सबसे बड़ी मुस्कान ला सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *