इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता Tesla अपनी बहुप्रतीक्षित ड्राइवरलेस कार Cybercab Robotaxi को लॉन्च करने की तैयारी, इस फ्यूचरिस्टिक रोबोटैक्सी को 3 सितंबर 2026 को टेक्सास के ऑस्टिन में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में पेश किया जाएगा।
Cybercab की सबसे बड़ी खासियत इसका अनोखा डिजाइन है। इस कार में पारंपरिक कारों की तरह स्टीयरिंग व्हील, ब्रेक और एक्सीलेटर पैडल नहीं दिए गए हैं। वाहन का संचालन Tesla की एडवांस्ड सेल्फ-ड्राइविंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक के जरिए किया जाएगा।

टेक्सास में आयोजित होने वाला लॉन्च इवेंट आम लोगों के लिए बड़े स्तर पर खुला कार्यक्रम नहीं होगा। इसमें मुख्य रूप से उन ग्राहकों और प्रशंसकों को आमंत्रित किए जाने की बात सामने आई है, जिन्होंने अगस्त के मध्य में Tesla की Robotaxi सर्विस का इस्तेमाल या परीक्षण किया था। कार्यक्रम के दौरान चुनिंदा मेहमानों को Cybercab में बैठकर इसके ऑटोनॉमस ड्राइविंग सिस्टम का अनुभव लेने का मौका मिल सकता है।
दो सीटों वाला फ्यूचरिस्टिक डिजाइन
Cybercab को पारंपरिक पैसेंजर कारों से अलग बनाने के लिए इसमें दो सीटों वाला कॉम्पैक्ट केबिन दिया गया है। कार के अंदर ड्राइवर के लिए सामान्य कंट्रोल सिस्टम मौजूद नहीं होगा। इससे यात्रियों को ज्यादा खुला और अलग तरह का केबिन अनुभव मिलने की उम्मीद है। शुरुआती मॉडल में Tesla के AI4 कंप्यूटिंग प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जा रहा है। कंपनी भविष्य में इससे अधिक सक्षम AI5 हार्डवेयर पर भी काम कर रही है।

2024 के प्रोटोटाइप से 2026 के टेस्ट तक
Tesla ने पहली बार अक्टूबर 2024 में कैलिफोर्निया के एक क्लोज्ड ट्रैक पर Cybercab के प्रोटोटाइप को पेश किया था। इसके बाद कंपनी ने अपनी ऑटोनॉमस ड्राइविंग तकनीक को लगातार विकसित किया।
फिलहाल Tesla की मॉडिफाइड Model Y कारों का इस्तेमाल ऑस्टिन, डलास, मियामी और ह्यूस्टन जैसे शहरों के कुछ सीमित क्षेत्रों में Robotaxi सेवा के तौर पर किया जा रहा है। Cybercab के अंतिम मॉडल की कंपनी के कर्मचारियों द्वारा इन-हाउस टेस्टिंग जुलाई 2026 से शुरू होने की जानकारी सामने आई थी।
सुरक्षा और रेगुलेशन सबसे बड़ी चुनौती
बिना स्टीयरिंग और पैडल वाली कार को बाजार में उतारना Tesla के लिए सिर्फ तकनीकी चुनौती नहीं है। इसके साथ सुरक्षा और रेगुलेटरी नियम भी बड़ी भूमिका निभाएंगे। पारंपरिक कार में किसी तकनीकी समस्या या आपात स्थिति के दौरान ड्राइवर वाहन को नियंत्रित कर सकता है। Cybercab में यह विकल्प नहीं होगा। ऐसे में रेगुलेटर्स यह देखेंगे कि वाहन घने ट्रैफिक, खराब मौसम और अचानक सामने आने वाली परिस्थितियों में कितनी सुरक्षित तरीके से काम करता है।
इसी वजह से Cybercab को शुरुआत में सीमित क्षेत्रों और निर्धारित रूट्स पर चरणबद्ध तरीके से उतारे जाने की संभावना है। अगर टेस्टिंग और रेगुलेटरी मंजूरी सफल रहती है, तो यह कार भविष्य की ड्राइवरलेस मोबिलिटी की दिशा में Tesla की बड़ी पहल साबित हो सकती है।
