संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के शारजाह में कर्नाटक के उडुपी निवासी एक भारतीय की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान अल्विन प्रकाश कुंदर के रूप में हुई है। परिवार के मुताबिक, अल्विन पिछले करीब 14 वर्षों से शारजाह एयरपोर्ट पर काम कर रहे थे।
परिजनों के अनुसार, अल्विन के लापता होने के बाद तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान उनकी कार की डिक्की से शव बरामद हुआ। परिवार का दावा है कि शव को कई हिस्सों में काटकर दो बैग में रखा गया था। मामले में हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
लंबे समय से लापता थे अल्विन प्रकाश
अल्विन के भाई अनिल प्रशांत कुंदर के मुताबिक, परिवार को जब काफी समय तक अल्विन से संपर्क नहीं हुआ तो उन्हें चिंता हुई। भाई ने उन्हें वॉइस मैसेज भेजा, लेकिन जवाब में सामान्य वॉइस मैसेज के बजाय एक टेक्स्ट संदेश मिला। इससे परिवार को संदेह हुआ।
इसके बाद भारत में मौजूद परिजनों ने अल्विन के कार्यस्थल से संपर्क किया। परिवार को बताया गया कि वह भारत लौट चुके हैं, लेकिन परिजनों के मुताबिक यह जानकारी सही नहीं थी। इसके बाद शारजाह में रहने वाले रिश्तेदारों ने पुलिस से संपर्क कर उनके लापता होने की जांच की मांग की।
कार की डिक्की से मिला शव
परिवार के मुताबिक, पुलिस की जांच के दौरान अल्विन की कार बरामद हुई। कार की डिक्की में शव मिला, जिसे कथित तौर पर 9 हिस्सों में काटकर दो बैग में रखा गया था।
अनिल के अनुसार, परिवार को सोमवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिली। इसके बाद उन्होंने भारत में उडुपी की स्थानीय पुलिस से भी संपर्क किया है। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
पत्नी और बेटा भी बताए जा रहे हैं लापता
अल्विन की पत्नी टीना कुंदर मूल रूप से उडुपी के उद्यावर की रहने वाली हैं और शारजाह में शिक्षक के तौर पर काम करती हैं। उनका बेटा वहां 10वीं कक्षा में पढ़ता है।
परिवार के मुताबिक, घटना के बाद से टीना और उनका बेटा भी लापता बताए जा रहे हैं। परिवार इस मामले में शारजाह से आधिकारिक जानकारी का इंतजार कर रहा है।
CCTV फुटेज की भी जांच
परिवार के अनुसार, CCTV फुटेज में एक इमारत से दो पुरुष और एक महिला को बाहर निकलते हुए देखा गया है। हालांकि, इन लोगों की पहचान और मामले में उनकी भूमिका की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
मामले में UAE पुलिस की जांच जारी है। हत्या के कारण, संदिग्धों और मृतक की पत्नी-बेटे के बारे में स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर सामने आ सकेगी।
