जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में शुक्रवार देर शाम हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के 21 वर्षीय दीपक रात्रे की मौत हो गई। दीपक अपने परिवार के साथ करीब एक वर्ष पहले रोजगार की तलाश में जम्मू-कश्मीर गया था और वहां एक ईंट भट्ठे में काम कर रहा था।
ईंट भट्ठे में घुसकर आतंकियों ने की फायरिंग
जानकारी के अनुसार, कुलगाम जिले के केलम क्षेत्र स्थित एक ईंट भट्ठे में शुक्रवार शाम कुछ आतंकी पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उन्होंने पहले वहां काम कर रहे मजदूरों से नाम और पहचान पूछी, फिर अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
गोली लगने से मौके पर ही मौत
फायरिंग के दौरान सक्ती जिले के मालखरौदा विकासखंड अंतर्गत ग्राम बुंदेली निवासी दीपक रात्रे को गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।
एक साल पहले गया था जम्मू-कश्मीर
बताया जा रहा है कि दीपक रात्रे अपने परिवार के साथ लगभग एक वर्ष पहले रोजी-रोटी की तलाश में जम्मू-कश्मीर गया था। वह ईंट भट्ठे में मजदूरी कर परिवार की आजीविका चला रहा था।
गांव में शोक की लहर
घटना की सूचना जैसे ही सक्ती जिले के बुंदेली और आसपास के गांवों में पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि परिवार को सांत्वना देने उनके घर पहुंच रहे हैं।
