चीन से हार गया सऊदी अरब, UNHRC में नहीं मिली सदस्यता

चीन और रूस को संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार आयोग की सदस्यता मिल गई है लेकिन सऊदी अरब इस मुकाबले में हार गया. हालांकि, मानवाधिकार के मामले में चीन और रूस का भी रिकॉर्ड बहुत अच्छा नहीं रहा है.

चीन, रूस और क्यूबा मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (यूएनएचआरसी) के सदस्य चुने गए हैं. हालांकि, इन देशों के मानवाधिकारों का रिकॉर्ड बहुत अच्छा नहीं रहा है और इसी वजह से ऐक्टिविस्ट इनकी सदस्यता का विरोध कर रहे हैं. वहीं, सऊदी अरब को यूएनएचआरसी की सदस्यता नहीं मिल सकी. मंगलवार को आए नतीजे से ये भी साबित होता है कि पिछले कुछ सालों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सऊदी की छवि कितनी खराब हुई है.

रूस और क्यूबा निर्विरोध चुने गए जबकि चीन और सऊदी अरब के बीच कड़ा मुकाबला हुआ. संयुक्त राष्ट्र महासभा हर साल मानवाधिकार परिषद के एक तिहाई सदस्यों को बदलने के लिए चुनाव कराती है. परिषद के सदस्यों का कार्यकाल तीन साल का होता है, जिन्हें अधिकतम लगातार दो बार चुना जा सकता है.

यूएनएचआरसी में उम्मीदवारों को भौगोलिक कोटे के आधार पर गुप्त मतदान द्वारा चुना जाता है ताकि हर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो सके. एशिया-प्रशांत क्षेत्र से इस बार चार देश चुने जाने थे, जिसके लिए पांच देशों ने अपनी दावेदारी पेश की थी जिसमें सऊदी अरब भी शामिल था. 193 सदस्यों ने मतदान में हिस्सा लिया जिसमें पाकिस्तान को 169 मत मिले, उजबेकिस्तान को 164, नेपाल को 150, चीन को 139 और सऊदी अरब को सिर्फ 90 वोट मिले. नए सदस्य 1 जनवरी 2021 से अपना कार्यकाल शुरू करेंगे.

ह्यूमन राइट्स वॉच और अन्य अधिकार संगठनों ने सऊदी अरब की उम्मीदवारी का कड़ा विरोध करते हुए कहा था कि सऊदी मानवाधिकार के कार्यकर्ताओं, विरोधियों और महिला अधिकार के लिए आवाज उठाने वाले कार्यकर्ताओं को निशाना बनाता है. जमाल खशोजी की हत्या में सऊदी की भूमिका संदिग्ध रही है और इसीलिए मानवाधिकार उल्लंघन को लेकर उसकी तीखी आलोचना होती रही है