मध्य प्रदेश के सागर जिले में कथित तौर पर जहरीली और अवैध शराब पीने से 11 लोगों की मौत हो गई है। घटना के बाद करीब 35 लोगों को अस्पताल लाकर जांच और इलाज कराया गया है। प्रभावित लोगों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। कुछ मरीजों की हालत गंभीर बताई गई है, जिन्हें बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल सागर रेफर किया गया है। घटना के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित गांवों में स्क्रीनिंग शुरू कर दी है। डॉक्टरों की टीमें घर-घर जाकर शराब पीने वाले लोगों की पहचान और स्वास्थ्य जांच कर रही हैं।
कई गांवों में सामने आई मौतें
जानकारी के मुताबिक, मौतों में गूगरा, नौराज, बराज खुर्द, पाटन, चौका, दलपतपुर, बमूरा, लिधौरा और हिनौता गांव के लोग शामिल हैं। बताया जा रहा है कि शनिवार रात गूगरा, नौराज, बराज और आसपास के गांवों के कुछ लोगों ने अवैध शराब का सेवन किया था। इसके बाद कई लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां कुछ लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मरीजों का शरीर नीला पड़ने की जानकारी
अस्पताल पहुंचे कुछ मरीजों के शरीर का रंग नीला पड़ने और अकड़न की शिकायत सामने आई है। कुछ मरीजों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया है। हालांकि, इन लक्षणों के आधार पर मिथाइल अल्कोहल पॉइजनिंग का संदेह जताया जा रहा है, लेकिन स्वास्थ्य अधिकारियों ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
तीन गांवों में घर-घर स्क्रीनिंग
सागर के CMHO देवेश पटेरिया के मुताबिक, डॉक्टरों और नर्सों की टीमें प्रभावित तीन गांवों में काम कर रही हैं। स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर लोगों की जांच कर रहे हैं और संभावित मरीजों की पहचान की जा रही है। उन्होंने बताया कि अस्पताल लाए गए मरीजों को पहले स्थिर किया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर उन्हें आगे के इलाज के लिए रेफर किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, मौतों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका भी बनी हुई है।
प्रशासन ने 6 शराब दुकानें कीं सील
घटना के बाद प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। क्षेत्र की 6 शराब दुकानों को सील कर दिया गया है और वहां से शराब के सैंपल लेने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि प्रभावित लोगों तक शराब कहां से पहुंची और घटना के पीछे क्या वजह रही।
कलेक्टर ने लोगों से जांच कराने की अपील की
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति ने पिछले 24 से 48 घंटे के दौरान शराब का सेवन किया है और उसमें किसी तरह के असामान्य लक्षण दिखाई दे रहे हैं, तो वह तत्काल स्वास्थ्य जांच कराए। प्रशासन ने लोगों से स्थानीय डॉक्टरों की टीम से संपर्क करने या सीधे सिविल अस्पताल पहुंचकर स्क्रीनिंग कराने की अपील की है।
गंभीर मरीजों को मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर
घटना के बाद शराब का सेवन करने वाले लोगों की स्वास्थ्य जांच लगातार की जा रही है। अस्पताल पहुंचे कुछ मरीजों की हालत गंभीर बताई गई है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल सागर रेफर किया गया है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन प्रभावित गांवों में निगरानी बनाए हुए हैं। मौतों की वजह और शराब में मौजूद संदिग्ध पदार्थ की वास्तविक प्रकृति की पुष्टि जांच और सैंपल रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
