जबलपुर में पिता ने 4 साल के बेटे की हथौड़े से हत्या

जबलपुर में पिता ने 4 साल के बेटे की हथौड़े से हत्या

मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के बेलखेड़ा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ग्राम बसेड़ी में एक पिता पर अपने 4 साल के बेटे की हथौड़े से हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पिता की पहचान तुलसीराम लोधी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर हिरासत में लिया है और मामले की जांच की जा रही है।

सोते समय बच्चे पर हथौड़े से हमला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, तुलसीराम गांव में समोसे का ठेला लगाता है। घटना के समय उसका 4 वर्षीय बेटा प्रेम सिंह लोधी दिनभर खेलने के बाद घर में सो रहा था।आरोप है कि इसी दौरान पिता ने सो रहे बच्चे पर हथौड़े से हमला कर दिया। बच्चे के सिर और हाथों पर कई वार किए गए। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।

बच्चे की दिव्यांगता को लेकर पिता के तनाव की बात

शुरुआती जानकारी में परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि बच्चा शारीरिक रूप से दिव्यांग था और इसे लेकर पिता तनाव में रहता था। आरोपी के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात भी सामने आई है। परिजनों के अनुसार, उसका जबलपुर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था। घटना से करीब एक सप्ताह पहले भी घर में विवाद और हंगामे की स्थिति बनी थी। आरोप है कि वारदात से पहले आरोपी ने पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट भी की थी। हालांकि, बच्चे की दिव्यांगता या आरोपी की मानसिक स्थिति ही हत्या की वजह थी या नहीं, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

पुलिस ने आरोपी पिता को किया गिरफ्तार

घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। जानकारी मिलते ही बेलखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *