Headlines

बिलासपुर में महिला का आधे घंटे हंगामा, 15 बाइक गिराईं और कार का शीशा तोड़ा

बिलासपुर में महिला ने लाठी-पत्थर लेकर मचाया हंगामा, 15 से ज्यादा बाइक गिराईं; कार का शीशा तोड़ा बिलासपुर में महिला ने लाठी-पत्थर लेकर मचाया हंगामा

बिलासपुर: शहर के गांधी चौक और मधुबन मोड़ इलाके में गुरुवार दोपहर एक महिला के हंगामे से करीब आधे घंटे तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। महिला सिटी डिस्पेंसरी की ओर से लाठी और पत्थर लेकर सड़क पर निकली और रास्ते में खड़ी 15 से ज्यादा मोटरसाइकिलों को गिरा दिया। उसने एक कार का शीशा भी तोड़ दिया और राहगीरों पर पत्थर फेंकते हुए उन्हें लाठी लेकर दौड़ाया।

गांधी चौक पर कार का शीशा तोड़ा

घटना दोपहर करीब 3 बजे शुरू हुई। महिला सिटी डिस्पेंसरी की ओर से गांधी चौक पहुंची। रास्ते में उसने सड़क किनारे खड़ी बाइकों को लाठी मारकर और धक्का देकर गिराना शुरू कर दिया। इससे 15 से ज्यादा मोटरसाइकिलें गिर गईं।

गांधी चौक पहुंचने के बाद महिला ने सड़क किनारे खड़ी एक कार पर पत्थर फेंका, जिससे उसका शीशा टूट गया। इसके बाद वह आसपास मौजूद लोगों पर भी पत्थर फेंकने लगी। अचानक हुए इस हंगामे से दुकानदार और राहगीर घबरा गए और खुद को बचाकर वहां से निकलने लगे।

स्कूल के बाहर फल का ठेला पलटा

गांधी चौक से महिला सेजेस मल्टीपरपज स्कूल की तरफ बढ़ी। रास्ते में वह लाठी लेकर लोगों को दौड़ाती रही। स्कूल के बाहर उसने सड़क किनारे लगे फल के ठेले को भी पलट दिया, जिससे फल सड़क पर बिखर गए।

इसके बाद महिला मधुबन मोड़ तक पहुंची और वहां भी वाहनों पर लाठी से हमला करने की कोशिश की। कुछ देर बाद वह वापस गांधी चौक की तरफ लौट आई और फिर लोगों को लाठी लेकर दौड़ाने लगी। करीब आधे घंटे तक चले इस घटनाक्रम से पूरे इलाके में दहशत का माहौल रहा।

एक घंटे बाद होती घटना तो बच्चों पर पड़ सकता था असर

सेजेस मल्टीपरपज स्कूल में इन दिनों तिमाही परीक्षाएं चल रही हैं। स्कूल में बच्चों की छुट्टी करीब शाम 4 बजे होती है, जबकि महिला का हंगामा लगभग 3 बजे हुआ।

ऐसे में स्थानीय लोगों के बीच यह चिंता भी सामने आई कि यदि घटना स्कूल की छुट्टी के समय होती तो परीक्षा देकर बाहर निकलने वाले बच्चे भी इसकी चपेट में आ सकते थे।

सराफा कारोबारी ने महिला को संभाला

हंगामे के दौरान जूना बिलासपुर निवासी सराफा कारोबारी रौनक साव ने महिला को रोकने की कोशिश की। उन्होंने आसपास मौजूद लोगों की मदद से महिला को पकड़कर उसके हाथ-पैर बांध दिए और उसे सड़क किनारे बैठाया।

रौनक साव ने लोगों से महिला के साथ मारपीट नहीं करने और पुलिस को सूचना देने की अपील की। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को अपने साथ थाने ले गई।

महिला को वन स्टॉप सेंटर भेजा गया

सीएसपी कोतवाली गगन कुमार के अनुसार, डायल 112 की टीम महिला को थाने लेकर पहुंची। महिला अपना नाम और पता स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रही थी। पुलिस उसकी पहचान और परिवार की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।

बाद में महिला को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया। घटना के दौरान हुए नुकसान और महिला की पहचान से जुड़ी जानकारी जुटाने की प्रक्रिया जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *