गुजरे जमाने की अभिनेत्री रति अग्निहोत्री आज यानी 10 दिसंबर को अपना जन्मदिन मना रही हैं। उन्होंने हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगू और कन्नड़ भाषा में फिल्में की हैं। 61 साल की हो चुकीं रति का जन्म उत्तर प्रदेश में हुआ था। फिल्मों में आने से पहले उन्होंने कई साल मॉडलिंग की। रति जब 10 साल की थीं तब उन्होंने ग्लैमर जगत में कदम रखा और मॉडलिंग करनी शुरू की। फिर उनका परिवार चेन्नई शिफ्ट हो गया और वह वहीं काम करने लगीं। 16 साल की उम्र में उन्होंने तमिल फिल्म ‘पुडिया वारापुकल’ से डेब्यू किया। यह फिल्म सुपरहिट रही और उन्हें दूसरी फिल्मों के ऑफर मिलने लगे।
साउथ फिल्म इंडस्ट्री में किया काम
अगले 3 साल तक उन्होंने तेलुगू और कन्नड़ में 30 से ज्यादा फिल्में कर डाली। उन्होंने साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सभी बड़े एक्टर्स के साथ काम किया जिनमें रजनीकांत, चिरंजीवी, नागेश्वर राव, कमल हासन और शोभन बाबू हैं। बॉलीवुड में रति ने 1981 में फिल्म ‘एक दूजे के लिए’ से डेब्यू किया। इसके बाद उन्होंने ‘शौकीन’, ‘रिश्ता कागज का’, ‘मजदूर, ‘मैं आवारा हूं’, ‘कुली’, ‘तवायफ’, ‘हुकूमत’ सहित अन्य हैं।
शादी के बाद बना ली दूरी
रति का करियर पीक पर था कि साल 1985 में उन्होंने बिजनेसमैन और आर्किटेक्ट अनिल विरवानी से शादी कर ली। दो साल बाद उन्होंने बेटे तनुज को जन्म दिया। तनुज विरवानी भी ग्लैमर इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। हाल ही में उनकी वेबसीरीज ‘इनसाइड एज’ सीजन 3 अमेजॉन प्राइम पर रिलीज हुई। बहरहाल बेटे के जन्म के बाद रति पूरी तरह से परिवार पर ध्यान देने लगीं और उन्होंने फिल्मों से दूरी बना ली। मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जाता है कि उनके पति ने उन्हें फिल्मों में काम करने से मना कर दिया था। 2001 में उन्होंने फिर से वापसी की और फिल्म ‘कुछ खट्ठी कुछ मीठी’ में नजर आईं। इसके बाद उनकी कुछ अन्य फिल्में जैसे ‘यादें’ और ‘देव’ रिलीज हुईं।

