धमतरी- जिले के शासकीय प्री मैट्रिक अनुसूचित जनजाति कन्या छात्रावास नगरी में 19 छात्राएं कोरोना संक्रमित मिली हैं। सर्दी-खांसी की शिकायत होने पर छात्राओं को जांच के लिए नगरी अस्पताल लाया गया था, जहां जांच के बाद उनमें कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।
जानकारी के मुताबिक, छात्रावास में 40 छात्राएं मौजूद हैं। सोमवार को 4 छात्राओं को सर्दी-खांसी होने की शिकायत अधीक्षक को मिली थी, तो उन्होंने बीएमओ नगरी डीआर ठाकुर से संपर्क किया। उन्होंने छात्राओं को अस्पताल लाकर उनकी मेडिकल जांच कराई। एंटीजन किट से जांच हुई, तो अस्पताल पहुंची 11 छात्राओं की रिपोर्ट एक-एक कर कोरोना पॉजिटिव मिली। सभी संक्रमित छात्राओं को एंबुलेंस से वापस छात्रावास लाकर 3 कमरे में क्वारंटाइन किया गया। इसके बाद अन्य 29 छात्राओं की भी जांच कराई गई, तो इनमें से 8 स्टूडेंट्स और कोरोना पॉजिटिव मिलीं। यानि कुल 19 छात्राएं कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं।
संक्रमितों की उम्र करीब 14 से 15 साल है। अन्य छात्राओं को दूसरे कमरे में शिफ्ट कर क्वारंटाइन किया गया है। सभी संक्रमित छात्राएं स्वास्थ्य टीम की निगरानी में हैं। सर्विलांस टीम संक्रमितों की कॉन्टैक्ट हिस्ट्री ढूंढ रही है। हॉस्टल में दर्ज विद्यार्थियों की संख्या 70 है, जिनमें से फिलहाल 40 छात्राएं अभी हॉस्टल में ही हैं और 30 छात्राएं अपने घर वापस चली गई हैं।

