इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) हो या फिर भी कोई भी टूर्नामेंट हार-जीत में फील्डिंग बहुत बड़ा रोल प्ले करती है। हर टीम अपने प्लेइंग इलेवन में ऐसे खिलाड़ी रखना चाहती है, जो फील्डिंग के मामले में सबसे तेज हों। एबी डिविलियर्स, रवींद्र जडेजा, हार्दिक पंड्या और राहुल तेवतिया ऐसे ही कुछ नाम हैं, जिन्होंने फील्डिंग के मामले में अपनी अलग पहचान बनाई है। इसलिए इनमें से सीजन में अब तक अपनी फील्डिंग से किसने लोगों को सबसे ज्यादा प्रभावित किया है? इसके लिए भास्कर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर एक सर्वे कराया।
इसमें सबसे ज्यादा 70.1% लोगों का मानना है कि चेन्नई सुपरकिंग्स के जडेजा इस सीजन में अब तक सबसे बेहतरीन फील्डर रहे हैं। उनके बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के डिविलियर्स को 15% वोट मिले। मुंबई इंडियंस के पंड्या को 11.2% और राजस्थान रॉयल्स के राहुल तेवतिया को 3.7% वोट मिले।
राजस्थान के खिलाफ एक मैच में 4 कैच लपके थे
IPL 2021 सीजन के 12वें मैच में चेन्नई ने राजस्थान को 45 रन से हराया था। चेन्नई के स्पिनर जडेजा और मोइन अली ने वानखेड़े की पेस फ्रेंडली पिच पर कहर बरपाते हुए 5 विकेट झटके थे। जडेजा ने इसके अलावा 4 कैच भी लपके थे। उन्होंने मनन वोहरा, रियान पराग, क्रिस मॉरिस और जयदेव उनादकट का कैच लिया। कैच लेने के बाद जडेजा ने फैन्स की ओर कॉल-मी का इशारा कर जश्न मनाया।
जडेजा के रनआउट ने ही पंजाब के खिलाफ जीत की नींव रखी
इससे पहले पंजाब किंग्स के खिलाफ भी जडेजा की फील्डिंग ने चेन्नई की जीत की नींव रखी थी। इस मैच में एक रन लेने के चक्कर में कप्तान लोकेश राहुल 5 रन पर आउट हुए। उन्हें रविंद्र जडेजा ने उन्हें डायरेक्ट हिट के जरिए रनआउट किया था।

