बांग्लादेश के टेस्ट और टी-20 कप्तान शाकिब अल हसन पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने दो साल का बैन लगा दिया है. बांग्लादेश के स्टार ऑलराउंडर पर भ्रष्ट पेशकश की जानकारी नहीं देने पर कार्रवाई हुई है. भारत दौरे से पहले बांग्लादेश क्रिकेट टीम के लिए ये बड़े झटके के तौर पर देखा जा रहा है. इस दौरे में तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के अलावा दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे.
बांग्लादेश के कप्तान और वनडे के टॉप ऑलराउंडर शाकिब अल हसन पर दो साल के लिए प्रतिबंध में एक साल का निलंबन शामिल है. उन्होंने आईसीसी के एंटी करप्शन कोड को भंग करने के तीन आरोपों को स्वीकार कर लिया है. यह प्रतिबंध सभी प्रारूपों पर लागू होगा. वह 29 अक्टूबर 2020 तक बांग्लादेश टीम के चयन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे.
32 साल के शाकिब ने कहा, ‘मुझे स्पष्ट रूप से बहुत दुख है कि जिस खेल से मैं बहुत प्यार करता हूं, उस पर प्रतिबंध लगा दिया गया है. लेकिन आईसीसी को इसके बारे में नहीं बताने के लिए मैं पूरी तरह से इस प्रतिबंध को स्वीकार करता हूं. आईसीसी की एसीयू भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में पूरी तरह से खिलाड़ियों पर निर्भर है और मैंने इस संस्थान के प्रति अपना कर्तव्य नहीं निभाया.’
शाकिब अगले साल होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मुकाबलों में नहीं खेल पाएंगे. इसके अलावा वह 18 अक्टूबर से 15 नवंबर 2020 तक ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप से भी बाहर रहेंगे.
