मानवता शर्मसार: पालतू पिटबुल से बच्चे पर हमला, मालिक हंसता रहा; वीडियो वायरल

मुंबई से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शहर के पूर्वी उपनगर मानखुर्द इलाके में एक व्यक्ति ने अपने पालतू पिटबुल कुत्ते से एक 11 साल के बच्चे पर हमला करवा दिया। सबसे हैरानी की बात यह रही कि जब कुत्ता बच्चे को काट रहा था, उस वक्त कुत्ते का मालिक हंसता रहा।

इस वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि अन्य लोग भी वहां मौजूद थे, लेकिन कोई भी बच्चे की मदद के लिए आगे नहीं आया। सभी लोग तमाशा देखते रहे और वीडियो बनाते रहे।

ऑटोरिक्शा में खेल रहे थे बच्चे

जानकारी के अनुसार, घायल बच्चा हमजा अपने दोस्तों के साथ इलाके के एक ऑटोरिक्शा में खेल रहा था। उसी समय आरोपी सोहेल हसन खान (43) अपने पिटबुल कुत्ते के साथ वहां से गुजर रहा था। बच्चे कुत्ते को देखकर ‘पिटबुल-पिटबुल’ चिल्लाने लगे।

इस पर सोहेल गुस्से में ऑटो के पास पहुंचा और बच्चों को डराने लगा। बाकी बच्चे तो भाग गए लेकिन हमजा ऑटो में ही फंसा रह गया। इसके बाद सोहेल ने हमजा को जानबूझकर डराया और फिर अपने पिटबुल को उस पर छोड़ दिया।

कुत्ते ने दौड़ाकर काटा

हमजा जैसे-तैसे ऑटो से कूदकर भागा, लेकिन पिटबुल ने उसका पीछा किया और कई जगहों पर काट लिया। कुत्ते ने बच्चे के कपड़े अपने मुंह में दबोच लिए। हमजा ने बताया कि वह बहुत डर गया था और मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन वहां मौजूद लोग सिर्फ तमाशा देखते रहे और वीडियो बनाते रहे।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना के बाद बच्चे के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी सोहेल हसन खान को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, घटना गुरुवार रात की है और इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आरोपी पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *