मित्तल हॉस्पिटल पर बड़ी कार्रवाई, आयुष्मान योजना से 3 महीने के लिए सस्पेंड

मित्तल हॉस्पिटल पर बड़ी कार्रवाई, आयुष्मान योजना से 3 महीने के लिए सस्पेंड

आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज के बावजूद मरीज से अतिरिक्त राशि वसूलने के मामले में राजधानी रायपुर स्थित मित्तल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस पर बड़ी कार्रवाई की गई है। राज्य नोडल एजेंसी ने अस्पताल को तीन महीने के लिए आयुष्मान भारत योजना से निलंबित कर दिया है। साथ ही अस्पताल को मरीज के परिजनों से सर्जरी के नाम पर वसूले गए ₹90 हजार वापस करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मरीज की शिकायत के बाद हुई जांच

जानकारी के अनुसार, मरीज अल्बर्ट एक्का के परिजनों ने शिकायत की थी कि आयुष्मान कार्ड के तहत इलाज होने के बावजूद अस्पताल ने उनसे अतिरिक्त राशि ली। शिकायत के बाद रायपुर संभाग के संभागीय संयुक्त संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं ने मामले की जांच की।

जांच में सामने आई अतिरिक्त वसूली

जांच रिपोर्ट में पता चला कि अस्पताल ने मरीज से दवाइयों के नाम पर ₹15,226 और सर्जरी के लिए ₹90,000 अतिरिक्त वसूले थे। जांच के बाद अस्पताल ने दवाइयों की राशि चेक के माध्यम से वापस कर दी, लेकिन सर्जरी के लिए ली गई ₹90 हजार की रकम अब तक वापस नहीं की गई है।

तीन महीने तक नए मरीज नहीं कर सकेगा भर्ती

इसी अनियमितता के आधार पर राज्य नोडल एजेंसी ने अस्पताल को तीन महीने के लिए आयुष्मान भारत योजना से सस्पेंड कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान अस्पताल योजना के तहत नए मरीजों को भर्ती नहीं कर सकेगा। हालांकि, पहले से भर्ती मरीजों का इलाज पूरा कर उन्हें डिस्चार्ज करने की अनुमति रहेगी।

अस्पताल को दी गई सख्त चेतावनी

राज्य नोडल एजेंसी ने अस्पताल को योजना से जुड़े सभी प्रचार-प्रसार सामग्री परिसर से हटाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही भविष्य में इस तरह की अनियमितता दोबारा नहीं करने की चेतावनी भी जारी की गई है। यदि आगे भी नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो अस्पताल के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *