जांजगीर-चांपा जिले में पुलिस कस्टडी में रखा गया अवैध शराब बिक्री का आरोपी थाने से फरार हो गया। घटना मुलमुला थाना क्षेत्र की है। आरोपी के भागने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले में ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने पर पुलिस अधीक्षक ने आरोपी की निगरानी में तैनात आरक्षक को निलंबित कर दिया है। वहीं पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
अवैध शराब बिक्री के मामले में हुई थी गिरफ्तारी
जानकारी के मुताबिक, अमोरा गांव में अवैध शराब बिक्री के मामले में पुलिस ने फनेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को मुलमुला थाना लाया गया, जहां उसे पुलिस कस्टडी में रखा गया था। आरोपी की निगरानी की जिम्मेदारी आरक्षक ओम प्रकाश डहरिया को दी गई थी। बताया जा रहा है कि 22 अगस्त की सुबह करीब 3 बजे से 6 बजे के बीच आरोपी थाने से फरार हो गया।
आरोपी के फरार होते ही शुरू हुई तलाश
कस्टडी में रखे आरोपी के फरार होने की जानकारी सामने आते ही पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी थाने से किस तरह बाहर निकलने में कामयाब हुआ। घटना के बाद थाना स्तर पर सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे हैं।
लापरवाही पर आरक्षक निलंबित
मामले में ड्यूटी के दौरान लापरवाही सामने आने पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने आरक्षक ओम प्रकाश डहरिया के खिलाफ कार्रवाई की है। उन्हें निलंबित कर रक्षित केंद्र जांजगीर से संबद्ध कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही आरोपी के कस्टडी से भागने की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।
